- लाहौल-स्पीति सहित हिमाचल की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी, अगले पांच दिन येलो अलर्ट।
- 14 मार्च को होली के दिन छह जिलों में तेज बारिश और बर्फबारी की चेतावनी।
- बारिश से पहले तापमान में उछाल, बिलासपुर में सबसे अधिक तापमान दर्ज।
Himachal Weather Alert: हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले की ऊंची चोटियों पर बीते 24 घंटे में ताजा बर्फबारी हुई है। इसके साथ ही प्रदेश में अगले पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 16 मार्च तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है।
राजधानी शिमला में हालांकि सुबह से मौसम साफ बना हुआ है, लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में खराब मौसम को लेकर चेतावनी जारी की गई है। आज मंडी, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में बारिश और बर्फबारी का येलो अलर्ट जारी किया गया है। 13 मार्च को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर सभी जिलों में खराब मौसम की चेतावनी दी गई है। ऊंचे इलाकों में भारी बर्फबारी जबकि मध्यम और निचले इलाकों में तेज बारिश, आंधी और तूफान आने की संभावना है।
होली पर छह जिलों में मौसम अलर्ट
होली के दिन यानी 14 मार्च को प्रदेश के छह जिलों—कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर में येलो अलर्ट जारी किया गया है। 15 मार्च को भी मंडी, कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में खराब मौसम की संभावना जताई गई है।
17 मार्च को कमजोर पड़ेगा पश्चिमी विक्षोभ
16 मार्च तक हिमाचल प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बारिश और बर्फबारी के आसार बने हुए हैं। हालांकि, 17 मार्च को पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) कमजोर पड़ जाएगा, जिससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों को छोड़कर अन्य इलाकों में मौसम साफ रहने की उम्मीद है।
बारिश-बर्फबारी से पहले तापमान में उछाल
बारिश और बर्फबारी से पहले प्रदेश में तापमान में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.2 डिग्री अधिक दर्ज किया गया है। बिलासपुर जिले में सबसे अधिक 5.2 डिग्री की बढ़ोतरी के साथ तापमान 29.7 डिग्री पहुंच गया है। सोलन में यह 4.4 डिग्री अधिक होकर 27.2 डिग्री और शिमला में 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।