Himachal BJP Protest 2024: हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) 27 मार्च को विधानसभा के बाहर विशाल प्रदर्शन करेगी। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने संयुक्त प्रेस वार्ता में यह ऐलान किया।
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार राज्य की सबसे निकम्मी सरकार साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह सरकार केवल अपने मित्रों के लिए काम कर रही है। बिंदल ने कहा कि कांग्रेस ने चुनावों में जो छह गारंटियां दी थीं, वे आज भी अधूरी हैं।
सरकार पर लगाए बड़े आरोप
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार झूठ के सहारे चल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में खनन, स्क्रैप और जंगल माफिया सक्रिय हैं। भ्रष्टाचार और नशे की समस्या पर उन्होंने कहा कि पिछले दो महीनों में 10 से ज्यादा लोगों की ओवरडोज से मौत हो चुकी है।
इसके अलावा, उन्होंने अर्थव्यवस्था की बदहाली और वृद्धा पेंशन जैसी योजनाओं में देरी का मुद्दा उठाया। जयराम ठाकुर ने कहा कि बीजेपी ने विधानसभा के अंदर कई बार इन मुद्दों को उठाया, लेकिन अब जनता की आवाज को बुलंद करने के लिए 27 मार्च को विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन में प्रदेश भर से बीजेपी कार्यकर्ता शामिल होंगे।