हिमाचल में कांग्रेस के पूर्व MLA बंबर ठाकुर को होली के दाैरान अज्ञात हमलावरों ने मारी गोलियां: PSO को भी लगी, 12 राउंड फायरिंग

|

  • बिलासपुर में होली खेलते समय पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर अज्ञात हमलावरों ने 12 राउंड फायरिंग की।
  • बंबर ठाकुर और उनके PSO गंभीर रूप से घायल, IGMC शिमला और बिलासपुर एम्स में भर्ती।
  • पुलिस ने शहर में नाकाबंदी कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज किए।


Congress MLA Attack: हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में शुक्रवार को होली के दिन एक सनसनीखेज वारदात हुई। पूर्व कांग्रेस विधायक बंबर ठाकुर पर अज्ञात हमलावरों ने उनके सरकारी आवास पर 12 राउंड फायरिंग की, जब वे समर्थकों के साथ होली मना रहे थे। इस हमले में बंबर ठाकुर और उनके पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (PSO) को गोलियां लगीं, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

प्राथमिक उपचार के बाद बंबर ठाकुर को IGMC शिमला और उनके PSO को बिलासपुर एम्स रेफर किया गया। पुलिस ने वारदात के बाद पूरे शहर में नाकाबंदी कर दी और हमलावरों की तलाश तेज कर दी है।

बंबर ठाकुर के बेटे ईशान सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा, “मेरे पिता को गोली मार दी गई है।” इस पोस्ट के बाद इलाके में तनाव फैल गया। पुलिस के अनुसार, बंबर ठाकुर को जांघ में और उनके PSO को पैर, पीठ और जांघ में गोलियां लगी हैं। डॉक्टरों की रिपोर्ट आने के बाद गोली या छर्रे लगने की पुष्टि होगी।

बंबर ठाकुर पहले भी हमलों का शिकार हो चुके हैं। फरवरी 2024 में एक निर्माण कंपनी के बाहर उन पर हमला हुआ था, जिसमें उनका एक दांत टूट गया था। इसके बाद जून 2024 में कोर्ट परिसर के बाहर हमले के मुख्य आरोपी पर गोलियां चलाई गई थीं, जिसमें बंबर ठाकुर के बेटे समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया था।

राजनीतिक रूप से बंबर ठाकुर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रहे हैं। वे 2012 में बिलासपुर से कांग्रेस विधायक चुने गए थे, लेकिन 2017 और 2022 के चुनावों में हार गए। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का करीबी माना जाता था। पुलिस इस हमले को राजनीतिक रंजिश और पुराने विवादों से जोड़कर जांच कर रही है।