-
हिमाचल के कांगड़ा में बनेर खड्ड में नहाने के दौरान पंजाब के युवक की डूबकर मौत।
-
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से शव बाहर निकाला गया, प्रशासन ने लगाया था नहाने पर प्रतिबंध।
-
मृतक युवक अपने साथियों के साथ माता बज्रेश्वरी मंदिर में दर्शन के बाद खड्ड में उतरा था।
Himachal Pradesh Tourist Death: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पुराना कांगड़ा के समीप बनेर खड्ड में शुक्रवार को नहाने के दौरान पंजाब के लुधियाना निवासी एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान चरनजीत सिंह (21) निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, पंजाब से छह युवक माता बज्रेश्वरी मंदिर में दर्शन के लिए आए थे। दर्शन के बाद वे समीप स्थित बनेर खड्ड में नहाने उतरे, लेकिन इस दौरान चरनजीत गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकला। उसके साथियों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस तथा अग्निशमन विभाग को सूचना दी।
पुलिस और अग्निशमन दल ने कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज भेज दिया है।
गौरतलब है कि प्रशासन द्वारा इस खड्ड में नहाने पर प्रतिबंध लगाया गया है और वहां चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं। बावजूद इसके, बाहरी राज्यों से आने वाले लोग इस चेतावनी को नजरअंदाज कर खड्ड में नहाने चले जाते हैं, जिससे हादसे होते रहते हैं। डीएसपी कांगड़ा अंकित शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।