Follow Us:

कांगड़ा में पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या, दोनों गिरफ्तार

  • हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की।

  • पुलिस ने कॉल रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर महिला और प्रेमी को गिरफ्तार किया।

  • न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा।


Himachal Pradesh crime news: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या कर दी। पुलिस ने जांच के दौरान महिला और प्रेमी की कॉल रिकॉर्डिंग बरामद की, जिससे यह साफ हो गया कि दोनों ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया।

घटना कांगड़ा जिले के थुरल क्षेत्र की पंचायत भ्रांता के गांव साई दा लाहड़ की है। मृतक की पहचान 43 वर्षीय वेद प्रकाश के रूप में हुई, जो बदायूं, उत्तर प्रदेश का निवासी था और अपने परिवार के साथ यहां किराए के मकान में रहता था।

पुलिस के अनुसार, वेद प्रकाश शराब पीने का आदी था, और इसी को लेकर उसका पत्नी से अक्सर झगड़ा होता था। उसकी पत्नी राज माला का त्रिलोक कुमार नामक व्यक्ति के साथ प्रेम प्रसंग था। गुरुवार रात को वेद प्रकाश शराब के नशे में घर लौटा, जिसके बाद दोनों के बीच झगड़ा हुआ। इसके बाद राज माला ने अपने प्रेमी त्रिलोक के साथ मिलकर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद वेद प्रकाश के चेहरे और गले पर तेजधार हथियार से वार किए गए, ताकि वारदात को छुपाया जा सके।

पुलिस को प्रारंभिक जांच में पत्नी की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। जांच के दौरान बिहार निवासी त्रिलोक कुमार का नाम सामने आया। पुलिस ने जब सीसीटीवी फुटेज और कॉल डिटेल्स की जांच की, तो महिला और उसके प्रेमी की बातचीत की रिकॉर्डिंग मिली, जिसमें वेद प्रकाश की हत्या की योजना बनाई जा रही थी। इन सबूतों के आधार पर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

डीएसपी पालमपुर लोकेंद्र नेगी ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई देवेंद्र की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें 5 दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है, और मामले की गहन जांच जारी है।