Follow Us:

देहरा पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाई ₹40,000 की लूट, तीन आरोपी गिरफ्तार

  • देहरा के रक्कड़ थाना क्षेत्र में शराब ठेके से ₹40,000 की लूट

  • सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 24 घंटे के भीतर तीनों आरोपी गिरफ्तार

  • पंजाब के कपूरथला से पकड़े गए आरोपी, कोर्ट में होगी पेशी


Liquor store robbery: पुलिस जिला देहरा के रक्कड़ थाना क्षेत्र में हुई शराब ठेके की लूट का पुलिस ने मात्र 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की मदद से तीनों आरोपियों को पंजाब के कपूरथला जिले से धर दबोचा।

कैसे दिया गया वारदात को अंजाम?
घटना 21 मार्च 2025 की है, जब सिकरा दे परोह क्षेत्र में स्थित एक शराब ठेके पर तीन अज्ञात युवकों ने लूटपाट की। आरोपियों ने ठेके से ₹40,000 नकद लूटकर फरार हो गए। वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस थाना रक्कड़ के प्रभारी ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

तेजी से हुई पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने FIR No. 22/25 दर्ज कर एक विशेष पुलिस टीम गठित की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज को खंगाला गया, जिसमें लूट की वारदात कैद हो गई थी। फुटेज में दिखे वाहन के आधार पर पुलिस टीम ने पंजाब के कपूरथला जिले में दबिश देकर तीनों आरोपियों – सागर (26 वर्ष), करण (19 वर्ष) और देवेंद्र (24 वर्ष), सभी निवासी करहाल कलां, कपूरथला (पंजाब) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस कप्तान ने टीम की सराहना की
पुलिस कप्तान मयंक चौधरी ने इस त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि रक्कड़ पुलिस टीम की सतर्कता और तेजी से अपराधियों को पकड़ने में सफलता मिली। उन्होंने बताया कि आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और यह भी जांच की जा रही है कि वे अन्य आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं थे।

सीसीटीवी फुटेज ने किया खुलासा
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इससे पहले अंब नेहरियां क्षेत्र में भी चोरी की वारदात को अंजाम दिया था और फिर इस ठेके पर लूट की। पुलिस को संदेह है कि इस गिरोह के तार अन्य अपराधों से भी जुड़े हो सकते हैं

सोमवार को कोर्ट में होगी पेशी
एसपी मयंक चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को पुलिस थाना रक्कड़ लाया गया है, जहां उनसे आगे की पूछताछ जारी है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां उनके पुलिस रिमांड के लिए आवेदन किया जा सकता है।