Follow Us:

देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं सवर्ण मोर्चा सरकार के खिलाफ कर सकते हैं प्रदर्शन

  • शहीद दिवस पर मंडी में बैठक, शहीदों को दी श्रद्धांजलि

  • अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि और हुड़दंगी पर्यटकों के मुद्दे पर सरकार का घेराव करने की तैयारी

  • सवर्ण आयोग के गठन और अन्य मांगों को लेकर चेतावनी


Inter-caste marriage incentive opposition: आज शहीद दिवस के अवसर पर देवभूमि क्षत्रिय संगठन एवं सवर्ण मोर्चा की जिला कार्यकारिणी की एक महत्वपूर्ण बैठक मंडी स्थित संगठन कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता देवभूमि एंटी करप्शन विंग के प्रदेश संयोजक तुलेश कुमार ठाकुर ने की। इस अवसर पर अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव एवं राजगुरु को श्रद्धांजलि अर्पित की गई

बैठक के दौरान संगठन ने आगामी समय में अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि, जातिगत आरक्षण और हिमाचल में बाहरी शरारती तत्वों की गतिविधियों को लेकर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने की रणनीति तैयार की।

सवर्ण आयोग के गठन की मांग
बैठक में विशेष रूप से राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव ठाकुर मुनीश मंढोत्रा उपस्थित रहे। उन्होंने हिमाचल सरकार से सवर्ण आयोग के गठन की मांग करते हुए कहा कि अन्य वर्गों की तरह सामान्य वर्ग के लिए भी एक अलग आयोग बनाना आवश्यक है ताकि उनके अधिकारों की रक्षा की जा सके।

सरकार को चेतावनी, अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि का विरोध
बैठक में राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी के जिला कार्यकारी अध्यक्ष परम शर्मा ने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि सवर्ण समाज अब अपने साथ हो रहे अन्याय को सहन नहीं करेगा। उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम (एट्रोसिटी एक्ट) में संशोधन, जातिगत आरक्षण को आर्थिक आधार पर लागू करने और अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि को तुरंत वापस लेने की मांग की।

पंजाब से आने वाले हुड़दंगी पर्यटकों पर चिंता
तुलेश कुमार ठाकुर ने कहा कि सरकार पंजाब से हिमाचल आने वाले शरारती तत्वों पर नियंत्रण करने में असफल रही है। उन्होंने आग्रह किया कि सरकार जल्द से जल्द इस मामले में ठोस कार्रवाई करे, अन्यथा संगठन आंदोलन के लिए मजबूर होगा

विधानसभा घेराव की योजना
बैठक में यह प्रस्ताव पारित किया गया कि अंतरजातीय विवाह प्रोत्साहन राशि का विरोध करने के लिए विधानसभा का घेराव किया जाएगा

इस बैठक में कई प्रमुख सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे, जिनमें परम शर्मा, दीपक वशिष्ठ, रोशन लाल, नेत्र सिंह, नरेंद्र कुमार बिट्टू, अनिल ठाकुर, महेंद्र पाल, राकेश कुमार, देवेंद्र कुमार, विक्की गुलरिया, जयसिंह, पेशराज, बोधराज, विजय कुमार, यतीश मंडियाल, देवराज सहित कई अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।