Follow Us:

एक्‍शन में सरकार: सात शिक्षक निलंबित, गैरहाजिरी और सरकारी नीतियों का विरोध बना वजह

  • शिमला जिले में दो शिक्षकों को स्कूल से अनुपस्थित रहने पर निलंबित किया गया

  • सरकारी नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करने वाले पांच अन्य शिक्षकों पर भी कार्रवाई

  • शिक्षा विभाग ने छात्रों की पढ़ाई सुचारु रखने के निर्देश जारी किए


Teacher Suspension Himachal: सुक्‍खू सरकार एक्‍शन मोड में है। शनिवार को सरकार के निर्देशानुसार शिक्षा विभाग ने कार्रवाई करते हुए सात शिक्षकों  काे सस्‍पेंड कर दिश है। जिला शिमला के प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय से प्राप्त आदेशों के अनुसार, शिक्षा खंड कुपवी स्थित जीपीएस शिलाल स्कूल में 25 अप्रैल 2025 को निरीक्षण के दौरान स्टाफ और विद्यार्थी बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए।

निरीक्षण के समय स्कूल के सभी कमरे भी बंद मिले। इस गंभीर लापरवाही के चलते जेबीटी शिक्षक रणवीर चौहान और दलवीर सिंह को केंद्रीय सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण और अपील) नियम, 1965 के तहत तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों शिक्षकों का मुख्यालय अब ब्लॉक प्रारंभिक शिक्षा कार्यालय, डोडरा क्वार रहेगा और बिना पूर्व अनुमति वे मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे।

इसके अतिरिक्त, सरकार की नीतियों के विरुद्ध प्रदर्शन करने और अपमानजनक टिप्पणियाँ करने के चलते पांच अन्य शिक्षकों पर भी कार्रवाई की गई है। इन शिक्षकों में जगदीश शर्मा (जेबीटी), जीसीपीएस कीर्टू शिक्षा खंड ठियोग, जिला शिमला, संजय (मुख्य अध्यापक), जीपीएस हंगलोह शिक्षा खंड पालमपुर, जिला कांगड़ा, प्रत्युष ठाकुर (जेबीटी), जीपीएस ढंग रूहाना शिक्षा खंड सतौन, जिला सिरमौर, और राम सिंह राव (मुख्य अध्यापक), जीपीएस पुराना बाजार शिक्षा खंड सुंदरनगर, जिला मंडी शामिल हैं। सभी निलंबित शिक्षकों को संबंधित शिक्षा खंड कार्यालयों में रिपोर्ट करने और मुख्यालय न छोड़ने के आदेश दिए गए हैं। निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियमानुसार अवधि भत्ता दिया जाएगा।

शिक्षा विभाग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि अनुशासनहीनता और सरकारी आदेशों की अवहेलना किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही, यह निर्देश भी दिया गया है कि जीपीएस शिलाल स्कूल में छात्रों की पढ़ाई बाधित न हो, इसके लिए 28 अप्रैल से वैकल्पिक शिक्षक की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। विभाग का यह कदम सरकारी नीतियों के प्रति सम्मान और जवाबदेही की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से उठाया गया है।