➤ HRTC बस में युवक से 5.652 किलो चरस बरामद, पुलिस की बड़ी कार्रवाई
➤ सैंज चौक के पास नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध यात्री गिरफ्तार
➤ पालमपुर निवासी आरोपी पर NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को 5.652 किलोग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। यह सफलता सैंज चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-305 पर गश्त और नाकाबंदी के दौरान मिली, जहां पुलिस ने एक HRTC बस में सफर कर रहे संदिग्ध को दबोचा।
जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कुमारसैन की टीम ने स्पेशल सेल शिमला के सहयोग से लूहरी सड़क पर नाकाबंदी की थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूचना मिली कि कुल्लू से बागा सराहन की ओर जा रही एक निगम बस में एक संदिग्ध व्यक्ति नशा लेकर यात्रा कर रहा है। सूचना के आधार पर बस को रोककर जांच की गई।
बस में बैठे संदिग्ध युवक की पहचान पंकज कुमार (30) पुत्र लेख राज निवासी अपरढाह, तहसील पालमपुर, जिला कांगड़ा के रूप में हुई। पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली, जिसमें आरोपी के पिट्ठू बैग से 5 किलो 652 ग्राम चरस बरामद की गई।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने पुष्टि की है कि आरोपी को न्यायालय में पेश किया जाएगा और मामले की गहन जांच जारी है।
पुलिस के अनुसार, जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। वर्ष 2026 में अब तक 229 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा चुका है और 108 मामले दर्ज किए गए हैं। इसके अलावा पुलिस ने 19 अंतरराष्ट्रीय और अंतरराज्यीय नेटवर्कों को ध्वस्त कर बड़ी सफलता हासिल की है, जिससे हजारों युवाओं तक नशे की आपूर्ति रोकने में मदद मिली है।
यह कार्रवाई एक बार फिर साबित करती है कि हिमाचल पुलिस नशा तस्करी के खिलाफ सख्त रुख अपनाए हुए है और ऐसे मामलों में किसी भी तरह की ढील नहीं बरती जा रही है।



