Follow Us:

असम में बाढ़ का कहर जारी, अब तक 23 की मौत- 4.5 लाख लोग हुए बेघर

समाचार फर्स्ट |

दक्षिण पश्चिम मॉनसून के एक बार फिर जोर पकड़ने और उत्तर-पूर्व की ओर रुख करने की वजह से असम में बाढ़ की स्थिति और गंभीर हो गई है। राज्य के 6 जिलों के 4.5 लाख लोग बेघर हो गए हैं। बाढ़ के कारण अभी तक 23 लोगों की मौत हो चुकी है। एनडीआरएफ की टीमें मौके पर मौजूद हैं और बचाव कार्य जारी है।

बाढ़ ने पूर्वोत्तर के राज्यों में पिछले 24 घंटों में और 6 लोगों की जान ली है। मणिपुर में एक व्यक्ति की जान चली गई। असम राज्य आपदा प्रबंध प्राधिकरण के मुताबिक होजई, कर्बी आंगलांग पश्चिम, गोलाघाट, करीमगंज, हेलकांडी और कचरा जिलों में 4.48 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

ब्रह्मपुत्र नदी अभी जोरहाट में निमातीघाट और कचार में एपी घाट में खतरे के निशान से ऊपर बढ़ रही है। धनसीरी जैसी अन्य नदियां भी कुछ स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। मणिपुर की इंफाल घाटी में बड़ी नदियों का जलस्तर घटना शुरू हो गया है। सिर्फ लिलोंग नदी चेतावनी के स्तर से कुछ ऊपर बह रही है।