Follow Us:

तीन दिवसीय पीपलू मेले का शोभायात्रा के साथ भव्य आगाज़, डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री मुख्यातिथि के रूप में शामिल

  • उपमंडल बंगाणा में रंग-बिरंगी शोभायात्रा के साथ जिला स्तरीय पीपलू मेला 2025 का भव्य शुभारंभ

  • डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने मेले को सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया

  • मेले में लोकनृत्य, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं और स्थानीय उत्पादों की प्रदर्शनी होगी आयोजित



ऊना , ज्‍योति स्‍याल:  के उपमंडल बंगाणा की सांस्कृतिक विरासत को संजोए तीन दिवसीय जिला स्तरीय पीपलू मेला 2025 की शुरुआत 5 जून को एक भव्य शोभायात्रा के साथ हुई। यह शोभायात्रा होटल आशीर्वाद से शुरू होकर ईको पार्क बंगाणा तक निकाली गई, जिसमें पारंपरिक वाद्य यंत्र, लोक कलाकार, और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पूरे बाजार को पारंपरिक रंगों, परिधानों और लोकसंगीत की गूंज ने उत्सवमय बना दिया।

मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने मेले का उद्घाटन किया और इसे क्षेत्र की सांस्कृतिक धरोहर और सामाजिक समरसता का परिचायक बताया। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन युवा पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने आयोजन समिति को सफल आयोजन और व्यवस्थाओं के लिए बधाई दी।

कुटलैहड़ विधायक विवेक शर्मा अपनी धर्मपत्नी मृदु शर्मा के साथ पारंपरिक वेशभूषा में शोभायात्रा में शामिल हुए। दोनों ने हिमाचली पगड़ी पहनकर स्थानीय संस्कृति के प्रति सम्मान प्रदर्शित किया। ‘रागबिर्गियां पगड़ियां’ पहने हजारों लोगों की उपस्थिति ने शोभायात्रा को एक भव्य और यादगार स्वरूप प्रदान किया।

इस भव्य आरंभ के साथ शुरू हुए तीन दिवसीय मेले में लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद प्रतियोगिताएं, और स्थानीय शिल्प व उत्पादों की प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। मेला केवल मनोरंजन नहीं बल्कि स्थानीय कारीगरों, कलाकारों और लोकसंस्कृति को एक मंच प्रदान करने का कार्य करेगा।

इस अवसर पर डीसी ऊना जतिन लाल, एसपी अमित यादव, डीएफओ सुशील राणा, डीएसपी अजय ठाकुर, एसडीएम सोनू गोयल, मेला अधिकारी अमित कुमार, कांग्रेस नेता प्रवीण शर्मा, देसराज गौतम, देसराज मोदगिल, समेत कई प्रशासनिक अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।