➤ 7 लोग घायल, 3 की मौत, SDRF का रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
➤ CM धामी ने जताया दुख, सोनार डिवाइस से नदी में ढूंढी जा रही बस
उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। केदारनाथ से बदरीनाथ जा रही एक टैंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर अलकनंदा नदी में जा गिरी। इस वाहन में कुल 20 लोग सवार थे, जिनमें से 7 घायल, 3 की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 10 लोग अब भी लापता हैं। घटनास्थल पर SDRF और अन्य बचाव दल युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुटे हैं। लापता लोगों को खोजने के लिए अब सोनार डिवाइस के माध्यम से नदी की गहराई में बस की लोकेशन पता की जा रही है।
हादसे में घायल हुए यात्रियों की पहचान कर ली गई है। इन घायलों में राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के लोग शामिल हैं। घायलों में दीपिका सोनी (राजस्थान), हेमलता सोनी (राजस्थान), ईश्वर सोनी (गुजरात), अमिता सोनी (महाराष्ट्र), भावना सोनी (गुजरात), भव्य सोनी (गुजरात), पार्थ सोनी (मध्य प्रदेश) और चालक सुमित कुमार (हरिद्वार) शामिल हैं। इन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू टीमों को अब तक तीन शव बरामद हुए हैं, और लापता यात्रियों की तलाश लगातार जारी है। बस में सवार लोगों का विवरण भी सामने आया है – गुजरात के 7, राजस्थान के 7, महाराष्ट्र के 2, मध्य प्रदेश के 2, और हरिद्वार निवासी चालक। घटना के बाद आपदा प्रबंधन सचिव कंट्रोल रूम पहुंचकर ऑपरेशन की निगरानी कर रहे हैं।
इस हादसे पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर दुख जताया। उन्होंने लिखा, “जनपद रुद्रप्रयाग में एक टेंपो ट्रैवलर के नदी में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। SDRF सहित अन्य बचाव दलों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य किया जा रहा है। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन से संपर्क में हूं। ईश्वर से सभी के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।“
अलकनंदा नदी में तेज बहाव और गहराई के चलते राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो रहा है, लेकिन प्रशासन का दावा है कि सभी लापता यात्रियों को जल्द खोज लिया जाएगा। घटनास्थल पर लगातार NDRF, SDRF, पुलिस और स्थानीय प्रशासन का संयुक्त अभियान चल रहा है।



