Follow Us:

धर्मशाला में आत्मनिर्भर भारत प्रदर्शनी का उद्घाटन, राज्यपाल ने किया विकास का आह्वान


➤राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने आत्मनिर्भर भारत प्रदर्शनी का धर्मशाला में उद्घाटन किया
➤हिमाचल को संभावनाओं और समाधान का केंद्र बताया, केवल पहाड़ों का प्रदेश नहीं
➤नशामुक्त हिमाचल अभियान को सामाजिक विकास की मुख्यधारा में लाने का आह्वान

शिवांशु शुक्‍ला, धर्मशाला



धर्मशाला में आयोजित आत्मनिर्भर भारत प्रदर्शनी के उद्घाटन अवसर पर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि आज का आयोजन उस सोच को साकार करता है, जिसकी कल्पना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक सक्षम, स्वावलंबी और समृद्ध भारत के रूप में की है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को सदैव “ऑल सीज़न-ऑल रीजन” की भूमि कहा गया है। यहाँ की प्राकृतिक विविधता, कृषि आधारित अर्थव्यवस्था, वैज्ञानिक सोच, तकनीकी नवाचार और परिश्रमी जनशक्ति देश के सशक्त निर्माण में बहुमूल्य योगदान दे रही हैं।


राज्यपाल ने आह्वान किया कि सभी संगठन आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को पूरा करने के लिए आगे आएं और प्रधानमंत्री के नवोन्मेषी प्रयासों में सहभागी बनें। उन्होंने कहा कि इस प्रदर्शनी में कृषि, बागवानी, एमएसएमई, खाद्य प्रसंस्करण, स्वास्थ्य, अनुसंधान, रक्षा प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी, कौशल विकास, ग्रामीण नवाचार और स्टार्टअप से जुड़े सत्र यह सिद्ध करते हैं कि हिमाचल अब केवल पहाड़ों का प्रदेश नहीं बल्कि संभावनाओं और समाधान का केंद्र बन चुका है।

राज्यपाल ने विशेष रूप से नशामुक्त हिमाचल अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि आत्मनिर्भरता केवल आर्थिक नहीं, बल्कि मानसिक, शारीरिक और सामाजिक स्वच्छता में भी निहित है। नशा न केवल व्यक्ति का भविष्य अंधकारमय करता है बल्कि समाज की ऊर्जा और उत्पादकता को भी क्षीण करता है। उन्होंने कहा कि यह अभियान आज जनांदोलन का रूप ले चुका है, जिसमें स्कूल, पंचायतें, एनजीओ, युवा और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी है। यह जागरूकता हिमाचल को सुरक्षित निवेश गंतव्य, स्वस्थ कार्यबल और युवा नेतृत्व प्रदान कर रही है।


राज्यपाल ने उपस्थित उद्यमियों और योजनाकारों से अपील की कि वे नशामुक्ति को भी विकास की मुख्यधारा में लाएं, जिससे यह सामाजिक निवेश आर्थिक एवं मानवीय लाभ दे सके। उन्होंने कहा कि यह मंच हिमाचल की उभरती ताकत और आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंचों तक पहुंचाने का कार्य करेगा।