Follow Us:

राजनीति से ऊब गईं कंगना रनौत? पढ़ें क्‍या कह रहीं

कंगना रनौत ने कहा राजनीति ने उन्हें कोई खुशी नहीं दी
लोग नाली और टूटी सड़कों की शिकायतें लेकर आते हैं
बादल फटने के बाद मंडी दौरे में देरी को लेकर हुई थीं ट्रोल

Source: AiR/नवभारत टाइम्‍स



अभिनेत्री से राजनीति में कदम रखने वालीं और वर्तमान में हिमाचल प्रदेश के मंडी से बीजेपी सांसद कंगना रनौत ने हाल ही में अपने राजनीतिक अनुभवों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि राजनीति ने उन्हें खुशी नहीं दी है, जिससे यह सवाल उठने लगा है कि क्या वे राजनीति से मोहभंग महसूस कर रही हैं?

कंगना ने Atman in Ravi (AiR) पॉडकास्ट में कहा कि यह दुनिया उनके लिए नई है और अब भी वह इस माहौल में ढलने की कोशिश कर रही हैं। उन्होंने बताया, “मैं यह नहीं कहूंगी कि मुझे राजनीति में मजा आ रहा है। यह पूरी तरह से अलग काम है – समाज सेवा जैसा, और यह मेरी पृष्ठभूमि नहीं रही। मैंने कभी लोगों की सेवा करने के बारे में नहीं सोचा।”

उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में हमेशा भौतिक चीजों की चाह रखी – बड़ा घर, बड़ी गाड़ी, हीरे की ज्वेलरी और खूबसूरत दिखना। इस आत्मस्वीकारोक्ति के जरिए कंगना ने स्पष्ट किया कि वह हमेशा स्वकेंद्रित जीवन जीती रही हैं, और अब राजनीति में आकर उन्हें उस दुनिया से एकदम अलग अनुभव हो रहा है।

कंगना ने इस बात पर भी हैरानी जताई कि लोग उनसे बेहद स्थानीय समस्याएं लेकर आते हैं जैसे कि नाली टूट गई है या सड़क खराब है। उन्होंने कहा कि वह लोगों को समझाने की कोशिश करती हैं कि यह उनके दायरे का विषय नहीं है, यह पंचायत या राज्य सरकार का कार्य है। लेकिन लोग कहते हैं – “आपके पास पैसा है, आप अपने पैसों से काम क्यों नहीं करातीं?” यह बात उन्हें असहज कर देती है।

हाल ही में कंगना को उस समय आलोचना का सामना करना पड़ा था जब मंडी में बादल फटने की घटना के बाद उन्होंने क्षेत्र का तुरंत दौरा नहीं किया। कांग्रेस ने उन्हें निर्वाचन क्षेत्र की अनदेखी करने का आरोप लगाया। हालांकि बाद में कंगना ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और लोगों को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

बादल फटने और भारी बारिश की वजह से मंडी में अब तक 14 लोगों की मौत हो चुकी है और पूरे हिमाचल प्रदेश में 200 से ज्यादा सड़कें अवरुद्ध हैं। राज्य में मौसम लगातार खराब बना हुआ है, जिससे प्रशासन और जनता – दोनों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

(कापी एडिट: समाचार फर्स्‍ट )