➤ देहरा पुलिस ने ‘कानून विद्यालय’ अभियान के तहत शुरू की नई पहल
➤ ‘Explore Your Future’ से छात्रों को मिलेगा निःशुल्क करियर परामर्श
➤ एसपी बोले– पुलिस केवल रक्षक नहीं, भविष्य की मार्गदर्शक भी
पुलिस जिला देहरा द्वारा ‘कानून विद्यालय’ अभियान के अंतर्गत अब युवाओं के लिए एक नई शुरुआत की गई है। इस पहल के तहत देहरा पुलिस ने “Explore Your Future” नाम से एक नई योजना शुरू की है, जिसका उद्देश्य स्कूल–कॉलेज के छात्रों को न केवल कानून, ट्रैफिक व्यवस्था, नशे से बचाव और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करना है, बल्कि उन्हें उनके करियर विकल्पों के बारे में भी मार्गदर्शन देना है।
पुलिस का यह प्रयास क्षेत्रीय युवाओं और विद्यार्थियों को भविष्य की दिशा में सोचने, समझने और सही निर्णय लेने में मदद करेगा। इस योजना के तहत छात्र अपने करियर से जुड़े सवालों के लिए पुलिस अधीक्षक, उप-पुलिस अधीक्षक या थाना प्रभारियों से सीधा परामर्श ले सकते हैं। यह परामर्श पूरी तरह निःशुल्क होगा और छात्रों को सही मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से संचालित किया जाएगा।
एसपी मयंक चौधरी ने कहा कि पुलिस केवल कानून की रक्षक नहीं, बल्कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन की संवाहक भी है। उन्होंने यह भी कहा कि “पुलिस आपके उज्जवल भविष्य की मार्गदर्शक भी है”।
देहरा क्षेत्र में यह पहली बार हो रहा है जब पुलिस एक सामाजिक भूमिका निभाते हुए छात्रों को कानून की समझ के साथ-साथ करियर गाइडेंस भी दे रही है। इस अभियान के माध्यम से छात्रों को जीवन के शुरुआती दौर में ही सही दिशा चुनने का मौका मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास और दृष्टिकोण दोनों मजबूत होंगे।
“कानून विद्यालय” और “Explore Your Future” जैसी पहलों से समाज में पुलिस की एक नई छवि उभर रही है – एक सहयोगी, मार्गदर्शक और संरक्षक की।



