Follow Us:

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर परिषद ठियोग को किया सम्मानित, स्वच्छ सर्वेक्षण में देश के शीर्ष 20 शहरी निकायों में शामिल होकर हिमाचल ने बढ़ाया गौरव, शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने नई दिल्ली में ग्रहण किया पुरस्कार

➤ नगर परिषद ठियोग देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में शामिल

➤ शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से प्राप्त किया पुरस्कार

➤ पहली बार राष्ट्रपति की उपस्थिति में हिमाचल को मिला यह सम्मान


शिमला/नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश ने स्वच्छता के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत नगर परिषद ठियोग ने देश के शीर्ष 20 शहरी स्थानीय निकायों में अपना स्थान बनाया है। इस उपलब्धि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नगर परिषद ठियोग को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के दूरदर्शी मार्गदर्शन और नेतृत्व तथा प्रदेश को स्वच्छ, हरित और सतत् विकास का आदर्श बनाने की राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के फलस्वरूप यह सफलता मिली है।

शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने आज नई दिल्ली में आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति से यह प्रतिष्ठित पुरस्कार प्राप्त किया। यह सम्मान इसलिए भी विशेष है कि पहली बार प्रदेश को राष्ट्रपति की गरिमामयी उपस्थिति में यह सम्मान प्रदान किया गया है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि राज्य सरकार ने स्वच्छ सर्वेक्षण के अंतर्गत शहरी स्थानीय निकायों के समग्र प्रदर्शन में सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास किए हैं। सरकार की केंद्रित पहलों, समन्वित प्रयासों और निरंतर निगरानी के परिणामस्वरूप नगर परिषद ठियोग हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करने में सफल रही है।

उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि शहरी विकास विभाग, शहरी विकास निदेशालय, नगर निकायों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, सफाई कर्मियों तथा नागरिकों के समर्पण और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। यह उपलब्धि शहरी स्वच्छता अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली में सुधार लाने, जनभागीदारी सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता की टिकाऊ परंपराओं को बढ़ावा देने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है।

शहरी विकास मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार शहरी स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने तथा सभी शहरी स्थानीय निकायों को स्वच्छता, अपशिष्ट प्रबंधन और जनभागीदारी के उच्च मानक स्थापित करने के लिए प्रेरित करने को प्रतिबद्ध है, ताकि आगामी स्वच्छ सर्वेक्षणों में प्रदेश और बेहतर प्रदर्शन कर सके।

स्वच्छ सर्वेक्षण भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा वर्ष 2016 में शुरू किया गया देश का वार्षिक स्वच्छता मूल्यांकन एवं रैंकिंग अभियान है। इसका उद्देश्य शहरी स्थानीय निकायों के बीच स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना तथा देशभर में स्वच्छता, साफ-सफाई और सतत् अपशिष्ट प्रबंधन की बेहतर व्यवस्थाओं को प्रोत्साहित करना है। अब तक आयोजित नौ संस्करणों के दौरान हिमाचल प्रदेश ने निरंतर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई है और शहरी स्वच्छता, साफ-सफाई तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के क्षेत्र में किए गए प्रयासों के लिए विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कार एवं सम्मान प्राप्त किए हैं।

जानिए, कैसे बनती है कोई शहरी निकाय स्वच्छ: पहाड़ी कस्बों में स्वच्छता बनाए रखना मैदानी शहरों की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि यहां पर्यटकों की आवाजाही, ढलानदार भूभाग और सीमित जगह जैसी समस्याएं रहती हैं। ऐसे में घर-घर से कचरा संग्रहण, गीले और सूखे कचरे को स्रोत पर ही अलग-अलग रखना, प्लास्टिक का कम उपयोग और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाना जैसे नागरिक प्रयास निर्णायक भूमिका निभाते हैं। नागरिक यदि अपने घर और दुकान का कचरा अलग-अलग डिब्बों में रखकर सफाई कर्मियों को दें, तो निकाय का काम आसान होता है और रैंकिंग सुधारने में सीधी मदद मिलती है।