➤ रामपुर के तकचेल में अचानक बादल फटने से मचा हड़कंप
➤ नोगली खड्ड किनारे बसे इलाकों को किया गया खाली
➤ बाजारों में भरा पानी, जनहानि की फिलहाल कोई सूचना नहीं
हिमाचल प्रदेश में बारिश की तबाही लगातार जारी है और अब शिमला जिला के रामपुर उपमंडल में बादल फटने की खबर से हड़कंप मच गया है। घटना तकचेल क्षेत्र में घटित हुई जहां अचानक तेज बारिश के साथ बादल फट गया, जिससे नोगली खड्ड के किनारे बसे आबादी वाले इलाकों को प्रशासन ने तुरंत खाली करवाया। पानी का बहाव इतना तेज था कि स्थानीय बाजारों में देखते ही देखते पानी भर गया और दुकानदारों को भारी नुकसान का अंदेशा है।
स्थानीय प्रशासन की टीम ने तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किया और स्थिति पर काबू पाने की कोशिशें जारी हैं। हालांकि, अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है।
इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 12 अगस्त तक राज्य के अधिकांश भागों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है, जिससे भूस्खलन और अचानक बाढ़ की स्थिति बन सकती है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी ढलानों और नदियों के किनारे ना जाएं। स्कूलों और शिक्षण संस्थानों को लेकर भी स्थानीय प्रशासन सतर्क है और ज़रूरत पड़ने पर आदेश जारी किए जा सकते हैं।
रामपुर में यह घटना ऐसे समय हुई है जब पहले से ही राज्य के कई हिस्से लैंडस्लाइड, सड़क बंद और बिजली ठप जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। तकचेल क्षेत्र में पहले भी बारिश के कारण क्षति हो चुकी है और यह क्षेत्र संवेदनशील माना जाता रहा है।



