Follow Us:

वन मंत्री का पलटवार, सुक्खू को जल संकट के मुद्दे पर उंगलियां उठाने का कोई अधिकार नहीं

समाचार फर्स्ट |

परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू पर पलटवार किया है। गोविंद ठाकुर ने कहा कि विपक्ष सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों को नहीं पचा पा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को शिमला शहर में मई माह में उभरे जल संकट के मुद्दे पर उंगलियां उठाने का कोई अधिकार नहीं है क्योंकि, पिछली कांग्रेस सरकार ने इस समस्या का स्थायी समाधान खोजने का कभी प्रयास नहीं किया। इसलिए कांग्रेस आधारहीन बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के लोगों की अपेक्षाओं को पूरा करने और  जनकल्याण के लिए ईमानदारी से प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा मुख्यमंत्री की आलोचना करना हास्यास्पद है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की क्षमता, ईमानदारी और लोगों के प्रति संवेदना की सराहना की जा रही है।

गोविंद ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने पूरे मंत्रिमंडल और प्रशासन के साथ मिलकर एक टीम के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पिछले 6 महीनों के कार्यकाल में अच्छे शासन के साथ-साथ सभी क्षेत्रों में अभूतपूर्व विकास देखा गया है और इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि वह राज्य के लोगों के विश्वास को जीतने में सफल रहे हैं।