➤ पंजाब के 4 श्रद्धालुओं की मौत, 23 घायल, 13 की हालत नाजुक
➤ स्थानीय लोगों और पुलिस ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन, घायलों का अस्पताल में इलाज जारी
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ, जब पंजाब के मोगा जिले से आए 27 श्रद्धालुओं को लेकर जा रही एक पिकअप वाहन चामुंडा-धर्मशाला सड़क पर जदरंगल के पास गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे इक्कू मोड़ स्थित बैली होटल के पास हुआ। श्रद्धालु चामुंडा मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे।
हादसे में मौके पर ही एक महिला श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि 3 अन्य ने इलाज के दौरान टांडा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतकों में दो महिलाएं और दो पुरुष शामिल हैं।

हादसे के बाद स्थानीय लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। टांडा मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. मिलाप शर्मा ने बताया कि 13 श्रद्धालुओं की हालत नाजुक बनी हुई है, जबकि 10 को हल्की चोटें आई हैं और उनका उपचार जारी है।
यह दुर्घटना एक बार फिर हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी सड़कों की खतरनाक स्थिति और सावधानी से वाहन चलाने की आवश्यकता को उजागर करती है।



