Follow Us:

दिल्ली के एक घर में मिले 11 शव, ‘हत्या या आत्महत्या’ के बीच फंसी गुत्थी

समाचार फर्स्ट |

दिल्ली में बुराड़ी के संत नगर में रविवार सुबह एक घर से संदिग्ध स्थिति में 11 शव मिलने से हड़कंप मच गया है। सभी शव रस्सी से लटके मिले हैं। मृतकों में सात महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। इनकी मौत कैसे हुई इसके बारे में अभी साफ-साफ कुछ पता नहीं चल पाया है, लेकिन मौके पर पुलिस पहुंच गई है और मामले की छानबीन की जा रही है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों के हाथ पैर बंधे हुए हैं। कुछ लोगों की आंखों पर पट्टी भी बंधी हुई थी।

पुलिस ने बताया कि इनमें 10 शव जाल के फंदे में लटके मिले जबकि एक बुजुर्ग महिला का शव फर्स्ट फ्लोर से बरामद किया गया। इस तरह से 11 लोगों का शव एक साथ पाया जाना हैरत की बात है। पुलिस का कहना है कि सभी एंगल से मामले की जांच की जा रही है ताकि इसके पीछे की वजहों को सामने लाया जा सके।

हालांकि पुलिस शुरुआती तौर पर इसे खुदकुशी का मामला मान रही है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। एक ही घर से 11 शव बरामद होने से इलाके में हड़कंप मच गया है। ये सभी शव बुराड़ी के संत नगर में गली नंबर 24 में गुरुद्वारे के पास स्थित एक घर से बरामद किए गए हैं। जिस घर से शव बरामद किए गए हैं, उसे दो मंजिला बताया जा रहा है। पुलिस ने इस मामले में हत्या या आत्महत्या की आशंका से इनकार नहीं किया है।

पुलिस ने बताया कि यह परिवार इस इलाके में पिछले 22-23 सालों से रह रहा था। परिवार में दूध और प्लाईवुड की दुकान है। साथ में एक किराने की एक दुकान भी थी। सुबह-सुबह इस तरह की खबर मिलते ही इलाके के लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए। लोगों में घटना को लेकर तमाम तरह की आशंकाएं जताई जा रही हैं।

पुलिस ने बताया कि 11 लोगो के परिवार में दो भाई और उनकी पत्नियां थीं। दो लड़के करीब 16 से 17 साल के थे। मृतकों में एक बुजुर्ग मां और बहनें शामिल हैं। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस के बताया कि 10 लोग फंदे से लटके मिले हैं जबकि एक बुजुर्ग महिला का गला दबाया हुआ है। पुलिस का मानना है कि इस महिला की हत्या की गई है। 10 लोग जो फंदे से लटके मिले हैं वह सभी फर्स्ट फ्लोर पर मिले हैं।