➤ भारत ने हॉकी एशिया कप 2025 का खिताब चौथी बार जीता
➤ फाइनल में साउथ कोरिया को 4-1 से हराया
➤ भारत ने 2026 हॉकी वर्ल्ड कप में डायरेक्ट क्वालिफाई किया
भारतीय हॉकी टीम ने एक बार फिर एशिया में अपना दबदबा साबित कर दिया है। बिहार के राजगीर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेले गए रोमांचक फाइनल मुकाबले में भारत ने साउथ कोरिया को 4-1 से हराकर चौथी बार हॉकी एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। इस ऐतिहासिक जीत के साथ भारत ने 2026 हॉकी वर्ल्ड कप के लिए भी सीधा प्रवेश हासिल कर लिया।
फाइनल मुकाबले में भारत ने शुरू से ही आक्रामक खेल दिखाया। मैच के पहले ही मिनट में सुखजीत सिंह ने शानदार गोल दागकर कोरियाई टीम पर दबाव बना दिया। इसके बाद दिलप्रीत सिंह ने दूसरे क्वार्टर में गोल करते हुए भारत को 2-0 की बढ़त दिलाई। तीसरे क्वार्टर के आखिरी मिनट में दिलप्रीत ने एक और गोल कर टीम इंडिया को 3-0 से आगे कर दिया। चौथे क्वार्टर में अमित रोहिदास ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल दागकर भारत को 4-0 की मजबूत बढ़त दी।
हालांकि, कोरिया ने चौथे क्वार्टर में सोन डायन की बदौलत एक गोल जरूर किया, लेकिन वह भारत की जीत को रोक नहीं पाया। आखिरकार मैच 4-1 पर खत्म हुआ और पूरा स्टेडियम “भारत माता की जय” के नारों से गूंज उठा।
यह जीत भारत के लिए खास है क्योंकि उसने 5 बार की चैंपियन कोरिया को हराया। कोरिया दूसरी बार एशिया कप के फाइनल में हार का सामना कर रही है और दोनों बार भारत के हाथों ही हार मिली। भारत ने इससे पहले 2017 में मलेशिया को हराकर खिताब जीता था।
भारत की इस शानदार जीत से न सिर्फ खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा है बल्कि देशभर के खेल प्रेमियों में भी खुशी की लहर दौड़ गई है। यह ट्रॉफी भारतीय हॉकी के स्वर्णिम भविष्य की ओर एक बड़ा कदम मानी जा रही है।



