➤ शिमला पीटरहॉफ में आयोजित उल्लास मेले में सीएम सुक्खू ने की घोषणा
➤ सरकार का अब फोकस गुणात्मक शिक्षा और नई सुधारात्मक योजनाओं पर
हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में नया इतिहास रच दिया है। अंतरराष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर शिमला के पीटरहॉफ में आयोजित पूर्ण साक्षर हिमाचल समारोह और उल्लास मेला 2025 में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रदेश को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया। इस घोषणा के साथ हिमाचल प्रदेश देश का चौथा पूर्ण साक्षर राज्य बन गया है और मिजोरम, त्रिपुरा और लक्षद्वीप को पीछे छोड़ते हुए अब साक्षरता दर में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने इस ऐतिहासिक पल को प्रदेशवासियों के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि वर्ष 1971 में राज्य का दर्जा मिलने के बाद शिक्षा के क्षेत्र में क्रांतिकारी सुधार किए गए हैं, जिनका परिणाम है कि आज हिमाचल 99.30 प्रतिशत साक्षरता दर के साथ देश में सबसे आगे है। यह दर राष्ट्रीय औसत 80.9 प्रतिशत से काफी अधिक है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब सरकार का अगला लक्ष्य गुणात्मक शिक्षा पर फोकस करना है। इसके लिए डे बोर्डिंग स्कूल, पहली कक्षा से अंग्रेजी माध्यम में पढ़ाई, और अन्य कई सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की ओर से हिमाचल में शिक्षा के विकास पर विशेष प्रस्तुति दी गई। मुख्यमंत्री ने इस दौरान यह भी घोषणा की कि प्रदेश में अभी शेष बचे 56,960 निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए नई योजना शुरू की जाएगी। इस मौके पर भारत सरकार के शिक्षा सचिव संजय कुमार ने भी ऑनलाइन जुड़कर राज्य की इस उपलब्धि की सराहना की।
समारोह में शिक्षा जगत के कई अधिकारी, शिक्षक और छात्र शामिल हुए। लोगों ने इस ऐतिहासिक पल को बड़े उत्साह के साथ मनाया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश की जनता और शिक्षकों की कड़ी मेहनत का नतीजा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने एक और अहम जानकारी साझा करते हुए बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल हिमाचल प्रदेश के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे। धर्मशाला में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के बीच बैठक होगी जिसमें प्रदेश की आपदा की स्थिति पर विस्तृत प्रेजेंटेशन दी जाएगी। इसके आधार पर प्रदेश को केंद्र से विशेष आपदा राहत पैकेज मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा से सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर केंद्र को भेजा जा चुका है और अब उम्मीदें प्रधानमंत्री से हैं।



