➤ कुल्लू के शमानी गांव में देर रात लैंडस्लाइड
➤ एक की मौत, तीन सुरक्षित, चार लोग लापता
➤ प्रशासन और स्थानीय लोग रेस्क्यू अभियान में जुटे
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिला की निरमंड तहसील के घाटू पंचायत के शमानी गांव में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। देर रात करीब ढाई बजे अचानक पहाड़ी से भारी लैंडस्लाइड हुआ, जिसकी चपेट में गांव का एक मकान आ गया। इस घर में सो रहे पूरे परिवार के आठ सदस्य मलबे में दब गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि तीन लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। हालांकि, चार लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने पूरी रात मलबे को हटाने का प्रयास किया। सुबह करीब 6 बजे तक तीन लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घायलों को निरमंड अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पंचायत प्रधान भोगा राम ने जानकारी दी कि हादसे में मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। स्थानीय लोग अब भी मलबे में दबे हुए लोगों की तलाश में जुटे हुए हैं।
एसडीएम निरमंड मनमोहन सिंह ने बताया कि प्रशासन की ओर से पुलिस, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को मौके पर भेजा गया है। उन्होंने कहा कि चार लोगों की तलाश अभी भी जारी है और बचाव अभियान में तेजी लाई गई है।
यह हादसा प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और पहाड़ी इलाकों में कमजोर हो रही जमीन की स्थिति को दर्शाता है। लोगों में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने आसपास के क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है।



