➤ प्रधानमंत्री ने हिमाचल बाढ़ राहत हेतु 1500 करोड़ की त्वरित सहायता जारी की
➤ राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने भरमौर में अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की
➤ केंद्र सरकार ने बाढ़ प्रभावित जनता को हर संभव मदद का भरोसा दिया
चंबा। हिमाचल प्रदेश में हालिया बाढ़ आपदा से प्रभावित क्षेत्रों के लिए केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य के बाढ़ प्रभावित इलाकों के पुनर्निर्माण और त्वरित राहत कार्यों के लिए 1500 करोड़ रुपए की सहायता राशि जारी की है। यह जानकारी केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके ने भरमौर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान दी।
उन्होंने कहा कि इस कठिन घड़ी में केंद्र सरकार हिमाचल की जनता के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। भरमौर प्रवास के दौरान उइके ने जिले के विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और प्रभावित परिवारों तक समयबद्ध तरीके से राहत पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में स्थानीय विधायक जनकराज भी मौजूद रहे।
राज्य मंत्री ने बताया कि जिला प्रशासन ने बाढ़ आपदा से हुई हानि और उससे निपटने के लिए तैयार की गई रिपोर्ट उन्हें सौंपी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का उद्देश्य है कि इस राशि से पुनर्निर्माण कार्य, ढांचागत सुधार, और सामाजिक सुरक्षा उपाय तुरंत धरातल पर लागू किए जा सकें।
इसके बाद दुर्गादास उइके ने बाढ़ प्रभावित जनता से सीधा संवाद किया। उन्होंने पीड़ित परिवारों की कुशलक्षेम पूछी और प्रभावित इलाकों का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में भी चंबा के लोग जो साहस और जनसेवा का जज्बा दिखा रहे हैं, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को भरोसा दिलाया कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर हर संभव सहायता प्रदान करेंगे ताकि सामान्य जीवन जल्द बहाल हो सके।



