Follow Us:

भारत-पाक मैच में 50 करोड़ का सट्टा, हिमाचल समेत इन अन्‍य राज्‍यों में छापे

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क पर इनकम टैक्स की बड़ी कार्रवाई
300 करोड़ का खुलासा, 35 ठिकानों पर छापेमारी
ईडी ने क्यूएफएक्स घोटाले में मुख्य एजेंट को किया गिरफ्तार


नई दिल्ली/शिमला। भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क पर सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। इनकम टैक्स विभाग की चंडीगढ़ और शिमला की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाते हुए चंडीगढ़, हरियाणा, पंजाब और हिमाचल प्रदेश में 35 ठिकानों पर छापेमारी की। यह अभियान ऑपरेशन एंड गेम नाम से चलाया गया, जिसमें करीब 300 करोड़ रुपये के काले खेल का खुलासा हुआ। इस मामले में 15 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया है।

जांच में सामने आया कि यह नेटवर्क वर्ल्ड-777, डायमंड एक्सचेंज और 10-एक्स बैट एप के जरिये क्रिकेट, कार रेसिंग और यहां तक कि राजनीतिक घटनाओं पर भी सट्टा लगवा रहा था। केवल भारत-पाकिस्तान मैच पर ही लगभग 50 करोड़ रुपये का सट्टा लगाया गया। यह नेटवर्क दुबई और आर्मेनिया से संचालित हो रहा था।

छापेमारी के दौरान करोड़ों की ज्वेलरी, लग्जरी गाड़ियां, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सर्वर जब्त किए गए। सूत्रों ने खुलासा किया कि यह नेटवर्क अपने बैटिंग एप्स पर लाइव कैसिनो वीडियो और लड़कियों के जरिये ऑनलाइन वीडियो दिखाकर लोगों को और अधिक पैसे लगाने के लिए उकसाता था।

इस बीच, क्यूएफएक्स धोखाधड़ी मामले में भी बड़ी कार्रवाई हुई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने क्यूएफएक्स/वाईएफएक्स/बॉटब्रो जैसे प्लेटफार्मों पर चल रहे निवेश घोटाले में मुख्य एजेंट हरिंदरपाल सिंह को गिरफ्तार किया है। अदालत ने आरोपी को 9 दिन की ईडी हिरासत में भेज दिया है।

ईडी की यह जांच कई एफआईआर पर आधारित है, जो हिमाचल प्रदेश, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में दर्ज की गई थीं। इन केसों में आईपीसी की धारा 120बी, 406 और 420 लगाई गई हैं। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस घोटाले से जुड़े कितने लोगों ने देश-विदेश में निवेशकों को चूना लगाया और हवाला नेटवर्क का इस्तेमाल करके पैसों को विदेश भेजा।

इस कार्रवाई से ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क और वित्तीय धोखाधड़ी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश हुआ है, जिसने देशभर में हलचल मचा दी है।