➤ हिमाचल में 6 अक्टूबर को अधिकतर हिस्सों में बारिश की संभावना
➤ लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात और तेज हवाएं चल सकती हैं
➤ ऊना का पारा 35.8 डिग्री पहुंचा, बारिश के बाद तापमान में गिरावट आएगी
हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। चार दिन बाद वेस्टर्न डिस्टरबेंस (WD) सक्रिय होने जा रहा है, जिससे प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश के आसार बन रहे हैं। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 4 और 5 अक्टूबर को निचले व मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बारिश होगी, जबकि 6 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में व्यापक बारिश दर्ज की जा सकती है।
लाहौल-स्पीति और अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्का हिमपात भी संभव है। इस दौरान कई जगहों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अंदेशा है। विभाग ने लोगों और पर्यटकों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
फिलहाल, 3 अक्टूबर तक मौसम साफ रहने का अनुमान है, जिसके चलते प्रदेश के कई इलाकों में तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ है। ऊना का अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि बिलासपुर में यह 34.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के 13 शहरों में पारा 30 डिग्री से ऊपर चल रहा है। धर्मशाला, कल्पा और बिलासपुर में तापमान सामान्य से 3 डिग्री तक ज्यादा दर्ज किया गया।
बारिश के बाद प्रदेश में तापमान में कमी आने की संभावना जताई जा रही है। अभी न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक है, लेकिन 4 अक्टूबर से मौसम बदलने पर पारा नीचे गिर सकता है।
पर्यटन स्थलों पर इन दिनों मौसम बेहद सुहावना बना हुआ है। शिमला, मनाली, कसौली, नारकंडा, कुफरी और डलहौजी में तापमान 20 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच है, जिससे यहां आने वाले सैलानी मौसम का भरपूर लुत्फ उठा रहे हैं।



