➤ मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री को दिखाई हरी झंडी
➤ लायंस क्लब ने दी 161 राहत किट, जिनमें राशन, कंबल और तिरपाल शामिल
➤ सरकार ने आपदा पीड़ितों के लिए बढ़ाया मुआवजा, अब 7 लाख तक मिलेगा सहायता राशि
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को राजधानी शिमला स्थित ओक ओवर से राज्य के आपदा प्रभावित क्षेत्रों के लिए राहत सामग्री से भरे पांच वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह राहत सामग्री अंतरराष्ट्रीय लायंस क्लब द्वारा उपलब्ध करवाई गई है। इन 161 राहत किटों में सूखा राशन, बर्तन, कंबल, तिरपाल और अन्य जरूरी वस्तुएं शामिल हैं, जिन्हें संबंधित उप-मंडल मजिस्ट्रेटों के माध्यम से प्रभावित परिवारों तक पहुँचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने लायंस क्लब के इस मानवीय योगदान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष के मानसून सीजन ने राज्य को भारी नुकसान पहुँचाया है। न केवल सार्वजनिक और निजी संपत्तियां क्षतिग्रस्त हुईं, बल्कि कई लोगों ने अपनी जानें भी गंवाईं।
उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में राज्य सरकार सीमित संसाधनों के बावजूद हर संभव राहत प्रदान कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने वर्ष 2023 की तर्ज पर 2025 में भी आपदा प्रभावित परिवारों के लिए विशेष राहत पैकेज लागू किया है। इसके तहत पूरी तरह क्षतिग्रस्त मकानों का मुआवजा 1.30 लाख से बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आपदा के समय सामाजिक संगठन और जनसहयोग बड़ी भूमिका निभा रहे हैं और लायंस क्लब जैसी संस्थाएं राहत कार्यों में प्रेरणादायक योगदान दे रही हैं।
इस अवसर पर विधायक हरीश जनारथा, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, कांग्रेस नेता सुरेंद्र मनकोटिया, लायंस क्लब के डिस्ट्रिक्ट गवर्नर दिनेश बत्रा, रमन गुप्ता, धीरज जैन, अतुल शर्मा, रजनीश कतना, गोपाल कृष्ण वैद, और डॉ. आर.के. जिष्टू सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।



