Follow Us:

राम कुमार बिंदल की गिरफ्तारी पर कहा—सरकार ने पीड़िता की शिकायत पर की कार्रवाई

मुख्यमंत्री सुक्खू ने तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 का शुभारंभ किया
26 एडवांस लाइफ सिस्टम एंबुलेंस को दिखाई हरी झंडी



हिमाचल प्रदेश में स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देने की दिशा में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शनिवार को “तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0” की शुरुआत की। अपने सरकारी आवास ओवर से इस अभियान का शुभारंभ करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखना और तंबाकू मुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस अवसर पर 26 एडवांस लाइफ सिस्टम एंबुलेंस को भी हरी झंडी दिखाकर विभिन्न बीएमओ कार्यालयों को सुपुर्द किया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सशक्त और सुलभ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के हर ब्लॉक और उपमंडल तक उन्नत सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि एडवांस एंबुलेंस सेवाओं से आपात स्थितियों में लोगों को शीघ्र और सटीक चिकित्सा सहायता मिलेगी।

मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में तंबाकू सेवन और नशे की समस्या से युवाओं को बचाने के लिए अभियान को बड़े स्तर पर चलाया जा रहा है। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय स्तर पर भी जागरूकता रैलियां और कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे ताकि नई पीढ़ी इस सामाजिक बुराई से दूर रहे।

इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनी राम शांडिल और विधायक संजय अवस्थी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वस्थ हिमाचल—नशा मुक्त हिमाचल है।

वहीं, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष राजीव बिंदल के भाई राम कुमार बिंदल की गिरफ्तारी के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने पीड़िता की शिकायत पर कार्रवाई की है, और इसमें किसी भी प्रकार की राजनीतिक दखलंदाजी नहीं की गई। उन्होंने कहा कि कानून सबके लिए समान है, चाहे वह किसी भी पद या प्रभावशाली परिवार से संबंधित क्यों न हो।

मुख्यमंत्री ने यह भी जोड़ा कि सरकार हर उस पीड़ित की आवाज सुनेगी जो न्याय की मांग लेकर आगे आएगा।