➤ राहुल गांधी हेलिकॉप्टर से पहुंचे शिमला
➤ अन्नाडेल में मंत्रियों ने किया स्वागत, छराबड़ा पहुंचे
➤ प्रियंका और सोनिया गांधी पहले से छराबड़ा में मौजूद
कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी मंगलवार दोपहर शिमला पहुंच गए। उनका काफिला संजौली से दोपहर 1 बजकर 50 मिनट पर छराबड़ा के लिए रवाना हुआ। राहुल गांधी चंडीगढ़ से शिमला के अन्नाडेल हेलीपैड तक हेलिकॉप्टर में आए, जहां पर स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल और लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
जानकारी के अनुसार, प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा भी आने वाले समय में शिमला पहुंच सकते हैं। इस वक्त सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा पिछले तीन दिनों से छराबड़ा स्थित अपने निवास में ठहरी हुई हैं। अब राहुल गांधी भी अपनी मां और बहन से मिलने के लिए छराबड़ा पहुंच गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी एक से दो दिन शिमला में रुक सकते हैं। मंगलवार सुबह वह हरियाणा में थे, वहां से वे सीधे शिमला के लिए रवाना हुए। फिलहाल उनका कोई आधिकारिक कार्यक्रम तय नहीं किया गया है, लेकिन यह दौरा निजी और पारिवारिक बताया जा रहा है।
राहुल गांधी का यह दौरा हिमाचल में सियासी हलचल को भी बढ़ा गया है। पार्टी के कई नेता उनके संभावित मुलाकात कार्यक्रम को लेकर सक्रिय हैं। हालांकि, आधिकारिक तौर पर यह सिर्फ आराम और पारिवारिक मुलाकात का दौरा माना जा रहा है।



