Follow Us:

सोलन के परवाणू बैरियर पर कार में लगी आग, तीन टोल बूथ जलकर राख

सोलन के परवाणू बैरियर पर कार में लगी आग से मचा हड़कंप
तीन कलेक्शन बूथ आग की चपेट में आकर जलकर राख
सुरक्षा इंतजामों की कमी से देर से बुझाई जा सकी आग



सोलन जिले के परवाणू बैरियर पर रविवार सुबह एक बड़ा हादसा घटित हुआ, जब एक कार में लगी आग ने पूरे बैरियर को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में तीन कलेक्शन बूथ पूरी तरह जलकर राख हो गए। घटना रविवार तड़के करीब सुबह 5 बजे की बताई जा रही है, जब एक कार अंबाला से शिमला की ओर जा रही थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही कार हिमाचल प्रदेश की सीमा पर बने परमाणु टोल बैरियर पर पहुंची, उसमें से धुआं उठने लगा। चालक ने तुरंत वाहन को साइड करने की बात कही, लेकिन टोल कर्मियों ने पहले पर्ची कटवाने का आग्रह किया। इतने में कार में आग भड़क गई और देखते ही देखते तीनों कलेक्शन बूथ आग की लपटों में घिर गए

स्थानीय लोगों का कहना है कि टोल बैरियर पर किसी भी प्रकार के सुरक्षा इंतजाम मौजूद नहीं थे, न ही वहां अग्निशमन उपकरण थे। इस वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप धारण कर लिया और समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जा सका

दमकल विभाग को सूचना मिलते ही गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक कार और तीनों बूथ पूरी तरह नष्ट हो चुके थे। घटना के बाद टोल बैरियर पर आवागमन कुछ समय के लिए बाधित रहा।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और आग के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि कार में तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी होगी।

इस घटना ने एक बार फिर टोल बैरियर की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचने के लिए अग्निशमन यंत्र और आपात प्रबंधन सुविधाएं अनिवार्य रूप से स्थापित की जाएं।