Follow Us:

चंबा में खाई में गिरी टैक्सी, महिला और चालक की मौत

चंबा में टैक्सी हादसा, दो की मौके पर मौत
दो मासूम बच्चे गंभीर, चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर
बंजाल के पास वाहन गहरी खाई में लुढ़का, पुलिस जांच जारी



हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में तेलका सलूणी मार्ग पर बंजाल के पास मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। एक टैक्सी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से लुढ़कते हुए गहरी खाई में जा गिरी। इस भयावह दृश्य ने पलों में खुशियों को मातम में बदल दिया। हादसे में एक महिला और चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो मासूम बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मृतकों की पहचान टैक्सी चालक विशाल (38) पुत्र चमारू राम निवासी बंजाल, सलूणी और निशा देवी (27) पत्नी अमर सिंह निवासी खलौड़ी के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर किहार अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने महिला और चालक को मृत घोषित कर दिया।

घटना के समय निशा देवी अपने बच्चों के साथ सलूणी जा रही थीं। खाई में गिरने से वाहन पेड़ों में फंस गया जिससे बड़ा नुकसान टल गया, लेकिन जीवन की डोर कमजोर पड़ गई। घायल छह वर्षीय प्रिंशु और दो वर्षीय ईशू को प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। डॉक्टरों के अनुसार बच्चों की हालत में सुधार है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। इस हादसे ने एक बार फिर पहाड़ी सड़कों पर सुरक्षा और सावधानी की जरूरत को रेखांकित किया है।