➤ नगरोटा विस क्षेत्र के समग्र विकास को आरएस बाली ने बताया सर्वोच्च प्राथमिकता
➤ बोले – विकास कार्यों में धन की कमी नहीं आने दी जाएगी
➤ जनता से किए वायदे पूरे करने के लिए विभागों को दिए निर्देश
पर्यटन निगम के अध्यक्ष एवं कैबिनेट रैंक मंत्री आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा विधानसभा क्षेत्र का समान और समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि सभी क्षेत्रों में एक समान विकास सुनिश्चित करने के लिए विभागों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
बुधवार को नगरोटा विस क्षेत्र के लोगों की समस्याएं सुनने के बाद आरएस बाली ने कहा कि नगरोटा के विकास कार्यों में धन या बजट की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। सरकार विकास योजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए लगातार कदम उठा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी विभागों को विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आरएस बाली ने बताया कि वे विकास पुरुष स्वर्गीय जीएस बाली के सपनों को साकार करने के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जीएस बाली ने नगरोटा में विकास की मजबूत नींव रखी थी और अब उसी पर नई इबारतें लिखी जा रही हैं।
पर्यटन निगम अध्यक्ष ने कहा कि नगरोटा के ग्रामीण इलाकों में सड़कों का नेटवर्क मजबूत किया जा रहा है। हर गांव को चरणबद्ध तरीके से सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा ताकि लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा मिले। उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास योजनाओं के लिए विभागीय अधिकारियों को कार्ययोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं और इसमें आम जनता के सुझाव भी शामिल किए जाएंगे।
बाली ने कहा कि समाज के हर वर्ग के हितों को ध्यान में रखकर कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
उन्होंने कहा कि विधायक जनता दरबार का आयोजन जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से किया जा रहा है। सरकार की प्राथमिकता है कि नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं समय पर और पारदर्शी तरीके से मिलें।



