-
हिमाचल के ऊंचाई वाले इलाकों में सीजन की दूसरी बर्फबारी
-
किन्नौर, लाहौल-स्पीति और चंबा की चोटियां बर्फ की सफेद चादर से लिपटीं
-
बर्फबारी से रोहतांग, कुंजम दर्रा और कई मार्ग यातायात के लिए बंद
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों ने बर्फ की चादर ओढ़ ली है। किन्नौर और लाहौल-स्पीति के ऊंचाई वाले रिहायशी इलाकों में बर्फबारी से शीतलहर बढ़ गई है। धौलाधार सहित चंबा की चोटियों पर भी बर्फबारी हुई है। किन्नौर के ऊपरी इलाकों में बर्फ की मोटी सफेद चादर बिछ गई है।
भारत-तिब्बत सीमा से सटे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल छितकुल गांव में ढाई से तीन इंच तक बर्फबारी हुई है। बर्फबारी के बाद पूरी घाटी चांदी की तरह चमक उठी है। यह सीजन की दूसरी बर्फबारी है। ठंड बढ़ने से रिकांगपिओ और रामपुर जैसे निचले क्षेत्रों में भी सर्द हवाएं चलने लगी हैं। वहीं, शिमला में आज सुबह से धूप खिली हुई है जिससे राहत महसूस की गई।
लाहौल-स्पीति जिले में बुधवार सुबह से घाटी में रुक-रुक कर बर्फबारी हो रही है। बर्फबारी के चलते मनाली-लेह मार्ग, कोकसर से रोहतांग, और ग्रांफू-लोसर मार्ग यातायात के लिए बंद हो गए हैं। हालांकि मनाली से अटल टनल व कोकसर मार्ग बहाल है। रोहतांग और कुंजम दर्रा में 15-15 सेंटीमीटर और कोकसर में 10 सेंटीमीटर बर्फबारी दर्ज की गई। हल्की बर्फबारी के बीच सैलानियों ने खूब मस्ती की और बर्फ का आनंद लिया।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज लाहौल-स्पीति, किन्नौर, चंबा और कुल्लू जिले में कुछ स्थानों पर बारिश या बर्फबारी की संभावना है। कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर और बिलासपुर जिलों में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। 6 से 11 नवंबर तक प्रदेश में मौसम साफ़ रहने के आसार हैं। अगले कुछ दिनों में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की जा सकती है।
बीते 24 घंटों में कोठी में 7.0, सांगला 6.2, कल्पा 3.6, मनाली 2.0, और ऊना में 1.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। ताजा बारिश और बर्फबारी के बाद प्रदेशभर में ठंड का असर और बढ़ गया है।
न्यूनतम तापमान:
शिमला 8.4°, सुंदरनगर 12.7°, कल्पा 2.8°, केलांग -0.4°, मनाली 6.9°, कुकुमसेरी -1.8°, ताबो -2.2° सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकतम तापमान:
ऊना 31.2°, हमीरपुर 29.8°, कांगड़ा 28.1°, शिमला 20.4°, मनाली 19.2° सेल्सियस दर्ज किया गया।



