Follow Us:

वोट चोरी के खिलाफ शिमला में युवा कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री और आयोग का पुतला फूंका

➤ वोट चोरी के खिलाफ युवा कांग्रेस ने शिमला में किया जोरदार प्रदर्शन
➤ निर्वाचन आयोग और प्रधानमंत्री का पुतला फूंका, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
➤ कहा – भाजपा चुनाव आयोग के साथ मिलकर कर रही वोट चोरी, देशभर में होगा आंदोलन


शिमला में वोट चोरी के खिलाफ शुक्रवार को युवा कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और निर्वाचन आयोग का पुतला फूंका। युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वोट चोरी कर सरकार बनाई है और अब देशभर में जनमत का अपहरण किया जा रहा है।

युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव आर्यन चौहान ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार वोट चोरी के मामलों का खुलासा कर रहे हैं। हाल ही में उन्होंने हरियाणा में हुए वोट चोरी प्रकरण पर भाजपा की पोल खोली थी। उन्होंने बताया कि भाजपा अपने दम पर सरकार नहीं बना सकती, बल्कि वोट चोरी के सहारे सत्ता में आती रही है।

आर्यन चौहान ने आरोप लगाया कि केंद्र में भाजपा की सरकार और निर्वाचन आयोग के बीच सांठगांठ से लोकतंत्र पर हमला किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस देशभर में इस मुद्दे पर आंदोलन करेगी और शिमला प्रदर्शन उसकी शुरुआत है।

उन्होंने चेतावनी दी कि आने वाले दिनों में युवा कांग्रेस उग्र आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेगी। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई जनता के मताधिकार की रक्षा और लोकतंत्र की बहाली के लिए लड़ी जा रही है।