➤ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू बोले – जय राम ठाकुर ने की हमीरपुर की उपेक्षा, दो विधायकों के बावजूद नहीं मिला प्रतिनिधित्व
➤ हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को बताया पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह की देन, सरकार ने 400 करोड़ की अतिरिक्त राशि जारी की
➤ कांगू स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध करने और मंझेली–भंूपल सड़क की डीपीआर तैयार करने की घोषणा
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने हमीरपुर की पूरी तरह उपेक्षा की, जबकि क्षेत्र से दो भाजपा विधायक होने के बावजूद किसी को भी मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार हमीरपुर के चहुंमुखी विकास के लिए प्रतिबद्ध है और यहां कई अधोसंरचना परियोजनाओं पर कार्य तेजी से जारी है।

मुख्यमंत्री ने यह बातें हमीरपुर जिले के नादौन विधानसभा क्षेत्र के मंझेली और कड़साई में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने मौके पर जनसमस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मंझेली में पटवार वृत्त और स्वास्थ्य उपकेंद्र खोलने, महिला मंडलों को एक–एक लाख रुपये और 100–100 कुर्सियां देने, तथा महिला मंडल भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये की स्वीकृति की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने मंझेली पंचायत की सड़कों के सुदृढ़ीकरण के लिए 50 लाख रुपये जारी करने की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि कांगू स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया जाएगा और मंझेली–भंूपल सड़क की डीपीआर शीघ्र तैयार करने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में ऐतिहासिक सुधार कर रही है। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार की पहलों से हिमाचल राष्ट्रीय शिक्षा सूचकांक में 21वें से पांचवें स्थान पर पहुंचा है।

उन्होंने कहा कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज की नींव पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने रखी थी, जिन्होंने इस परियोजना के लिए 190 करोड़ रुपये स्वीकृत किए थे, जबकि वर्तमान सरकार ने 400 करोड़ की अतिरिक्त राशि जारी कर निर्माण पूरा किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार के दौरान केवल आधारशिला रखी गई, कार्य कुछ नहीं हुआ।
मुख्यमंत्री ने बताया कि हमीरपुर मेडिकल कॉलेज को प्रदेश का सबसे आधुनिक संस्थान बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा एम्स दिल्ली की तर्ज पर आधुनिक मशीनरी स्थापित की जा रही है ताकि डॉक्टरों की दक्षता और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार हो।
उन्होंने कहा कि नादौन में 120 करोड़ रुपये की लागत से राज्य का पहला इंडोर स्टेडियम बन रहा है, जिसमें स्विमिंग पूल, शूटिंग रेंज और 17 खेलों का ढांचा तैयार होगा। साथ ही राफ्टिंग कॉम्प्लेक्स (59 करोड़), वेलनेस सेंटर और वाटर पार्क (79 करोड़) की परियोजनाएं भी निर्माणाधीन हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुग्ध उत्पादन, हल्दी, गेहूं, मक्का और जौ पर न्यूनतम समर्थन मूल्य दिया जा रहा है तथा मनरेगा मजदूरी में 80 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने पुरानी पेंशन बहाल कर वादा निभाया, जबकि इसके जवाब में केंद्र ने वित्तीय बंदिशें लगा दी हैं।
मुख्यमंत्री ने 23 वर्षों से नादौन के लोगों के विश्वास के लिए आभार जताया और मंझेली में अपने बचपन की यादें साझा कीं। उन्होंने कहा कि नादौन के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस अवसर पर 2.04 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कड़साई की आधारशिला रखी गई। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय पदक विजेता अर्नब सैनी और उनके कोच सुखदेव सहित राज्य स्तरीय खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
विधायक कैप्टन रंजीत सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश का समग्र विकास हो रहा है, जबकि भाजपा शासन में हमीरपुर उपेक्षित रहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार पारदर्शी शासन दे रही है और भ्रष्टाचार की बैकडोर एंट्री अब बंद कर दी गई है।



