Follow Us:

कांग्रेस राज में विकास ठप, सरकार ने एक भी जन कल्याणकारी योजना शुरू नहीं की : बिंदल

➤ बिंदल बोले – कांग्रेस सरकार तीन साल बाद भी असहाय, जनता निराश
➤ हिमकेयर और आयुष्मान जैसी योजनाएं ठप, नई कोई योजना नहीं शुरू
➤ कहा – सरकार व्यवस्था परिवर्तन नहीं, व्यवस्था पतन कर रही है


डाॅ. राजीव बिंदल, प्रदेश अध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार अपने तीन साल के कार्यकाल के बाद भी पूरी तरह असहाय और दिशाहीन दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री और मंत्री तीन वर्ष बाद भी केवल भाजपा का नाम लेकर राजनीति कर रहे हैं, लेकिन जनता के हित में एक भी नई जन कल्याणकारी योजना शुरू नहीं की गई है।

बिंदल ने कहा कि स्वास्थ्य क्षेत्र सबसे महत्वपूर्ण क्षेत्र है, लेकिन सरकार ने पूर्व भाजपा सरकार की हिमकेयर योजना बंद कर दी और आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी जनता तक नहीं पहुंच पा रहा। उन्होंने कहा कि अब मरीज दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर हैं और 108 एंबुलेंस सेवा भी पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है, जो समय पर नहीं पहुंचती।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि तीन साल पूरे होने के बाद भी सरकार ने युवाओं, बेरोजगारों और महिलाओं के लिए कोई नई योजना शुरू नहीं की, जबकि चुनाव के समय एक लाख नौकरियां और पांच लाख रोजगार देने का वादा किया गया था।

उन्होंने कहा कि यह सरकार केवल संस्थान बंद करने की योजनाएं बना रही है और व्यवस्था परिवर्तन नहीं बल्कि व्यवस्था पतन कर रही है।

बिंदल ने कहा कि अब तो स्कूलों का विलय, अध्यापकों की कमी और शिक्षा व्यवस्था में गिरावट आम बात हो गई है। कांग्रेस सरकार अपनी जिम्मेदारियों से भाग रही है और हर असफलता का ठीकरा भाजपा या केंद्र सरकार पर फोड़ रही है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोसना फैशन बन चुका है, जबकि जनता सरकार से सीधा सवाल पूछ रही है – “आपने तीन साल में जनता के हित में आखिर क्या किया?”