➤ हिमाचल में पटवारी भर्ती पहली बार स्टेट कॉडर पर होगी
➤ 530 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू
➤ 16 जनवरी 2026 तक ऑनलाइन आवेदन का मौका
हिमाचल प्रदेश में राजस्व विभाग की बड़ी पहल के तहत पटवारियों की भर्ती अब पहली बार स्टेट कॉडर पर की जाएगी। अभी तक पटवारी जिला कॉडर के तहत नियुक्त होते थे, लेकिन नियमों में संशोधन कर इस व्यवस्था को बदल दिया गया है। अब चयनित अभ्यर्थियों की पूरे प्रदेश में कहीं भी तैनाती की जा सकेगी।
राजस्व विभाग के अनुसार, कुल 530 रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह भर्ती हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग के माध्यम से की जाएगी। इच्छुक उम्मीदवार 16 जनवरी 2026 तक आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
पटवारी भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या विश्वविद्यालय से जमा दो कक्षा या समकक्ष उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। आयु सीमा 1 जनवरी 2025 तक 18 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है।
अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, दिव्यांग, हिमाचल प्रदेश सरकारी कर्मचारी और भूतपूर्व सैनिकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 50 वर्ष रखी गई है।
आवेदन शुल्क की बात करें तो सभी श्रेणियों के उम्मीदवारों के लिए 800 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों का चयन 120 अंकों की कंप्यूटर आधारित लिखित स्क्रीनिंग परीक्षा के आधार पर किया जाएगा। परीक्षा की अवधि डेढ़ घंटे होगी।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य राजस्व सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है। कोशिश है कि एक पटवारी के पास एक ही सर्किल हो, जिससे आम लोगों को दिक्कतों का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग का रिकॉर्ड ऑनलाइन किया जा चुका है और जमाबंदी, जमीन की रजिस्ट्री और इंतकाल जैसी सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध करवाई जा रही हैं।



