➤ बल्क शेयर डील के नाम पर व्हाट्सएप ग्रुप से ठगी
➤ शुरुआती मुनाफा दिखाकर 14 लाख रुपये हड़पे
➤ बालूगंज थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2) में दर्ज किया केस
हिमाचल प्रदेश में शेयर मार्केट निवेश के नाम पर साइबर ठगी का एक और गंभीर मामला सामने आया है। इस बार शिमला के बालूगंज क्षेत्र के रहने वाले व्यक्ति से ठगों ने 14 लाख रुपये की ठगी कर ली।
पुलिस को दी गई शिकायत में पीड़ित ने बताया कि 31 अक्टूबर को उसे व्हाट्सएप पर एक एनबी ग्रुप में शामिल होने का आमंत्रण मिला। ग्रुप में बल्क शेयर डील के जरिए कम समय में ज्यादा मुनाफा मिलने का दावा किया गया था। इस झांसे में आकर शिकायतकर्ता ने अलग-अलग किस्तों में करीब 15.50 लाख रुपये का निवेश कर दिया।
शुरुआत में जब उसने करीब डेढ़ लाख रुपये की निकासी की, तो रकम उसके खाते में आ गई। इससे उसका भरोसा और बढ़ गया। लेकिन जब उसने दोबारा 7 लाख रुपये निकालने की कोशिश की, तो उसे अचानक ग्रुप से हटा दिया गया।
इसके बाद ठगों ने पैसे वापस दिलाने के नाम पर और रकम मांगनी शुरू कर दी, जिससे पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। बाद में उसे ईमेल के जरिए जानकारी दी गई कि जिस एप और ग्रुप में निवेश कराया गया, वह पूरी तरह फर्जी था।
इसके बाद पीड़ित ने पुलिस थाना बालूगंज में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने बीएनएस की धारा 318(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले भी सामने आ चुका है बड़ा मामला
कुछ दिन पहले भी एक पेंशनर से 36 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया था। उसमें भी ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर पहले मुनाफा दिखाकर बाद में निकासी के लिए फीस के बहाने रकम ऐंठ ली गई थी।
पुलिस के अनुसार, हर महीने दो से तीन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं। लोगों को किसी भी लालच, लॉटरी या निवेश ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पुलिस की अपील
-
किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें
-
निवेश से पहले प्लेटफॉर्म की पूरी जांच करें
-
शक होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं



