Follow Us:

सोलन में क्रेटा कार से 4.67 ग्राम हेरोइन बरामद, दो युवक गिरफ्तार

➤ दोहरी दीवार–राबोण में नाकाबंदी के दौरान क्रेटा कार पकड़ी
➤ कार सवार दो युवकों से 4.67 ग्राम हेरोइन बरामद
➤ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, वाहन जब्त


सोलन जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस थाना सदर सोलन के अंतर्गत जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने क्रेटा कार में सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4.67 ग्राम हेरोइन बरामद की है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई दोहरी दीवार–राबोण क्षेत्र में की गई। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बड़ोग से शिमला की ओर जा रही एक क्रेटा कार में नशे की तस्करी की जा रही है। सूचना के आधार पर इलाके में नाकाबंदी की गई।

नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध क्रेटा वाहन को रोका और तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन में सवार दोनों युवकों के कब्जे से 4.67 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान चेतन कयौरा (24 वर्ष) निवासी गांव दोची लम्बीधार, डाकखाना कुफरी, तहसील ठियोग, जिला शिमला और अंकुश श्याम (23 वर्ष) निवासी गांव शिलारू, तहसील ठियोग, जिला शिमला के रूप में हुई है।

पुलिस ने इस संबंध में FIR नंबर 0256/2025 दिनांक 18.12.2025 को धारा 21 व 29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। नशा तस्करी में प्रयुक्त क्रेटा कार को भी जब्त कर लिया गया है।

पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नशा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां होनी थी। मामले की आगे की जांच जारी है।