➤ एसडीए कॉम्प्लेक्स कसुम्पटी में आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ
➤ आधार से जुड़ी सभी सेवाओं व समस्याओं का एक ही स्थान पर समाधान
➤ कांगड़ा और मंडी में भी जल्द खुलेंगे आधार सेवा केंद्र
शिमला के कसुम्पटी क्षेत्र में आज भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) के तहत संचालित आधार सेवा केंद्र का शुभारंभ किया गया। एसडीए कॉम्प्लेक्स कसुम्पटी में स्थापित इस केंद्र का उद्घाटन ग्रामीण विकास मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने किया।
इस मौके पर अनिरुद्ध सिंह ने कहा कि यह आधार सेवा केंद्र क्षेत्र के लोगों के लिए वन-स्टॉप समाधान के रूप में कार्य करेगा। यहां आधार नामांकन, अपडेट और आधार से जुड़ी सभी समस्याओं का निदान एक ही स्थान पर किया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के लिए कुल तीन आधार सेवा केंद्रों को मंजूरी दी गई है, जिनमें से पहला केंद्र शिमला में शुरू किया गया है। इसके अलावा कांगड़ा और मंडी जिलों में भी जल्द ऐसे ही दो अन्य आधार सेवा केंद्र खोले जाएंगे।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि फिलहाल आधार से जुड़े अधिकतर कार्य लोकमित्र या सुविधा केंद्रों के माध्यम से किए जाते हैं, लेकिन वहां सीमित सेवाएं उपलब्ध होने के कारण कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता। ऐसे में नए आधार सेवा केंद्र खुलने से लोगों को स्थायी और प्रभावी समाधान केंद्र मिलेगा।
उन्होंने कहा कि इस पहल से आम जनता को बार-बार भटकने से राहत मिलेगी और आधार से संबंधित कार्य सरल, तेज और पारदर्शी तरीके से पूरे हो सकेंगे।



