➤ वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जल शक्ति विभाग की स्क्रीनिंग कमेटी की प्रथम बैठक आयोजित
➤ उप-मुख्यमंत्री ने जल आपूर्ति व सिंचाई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
➤ गुणवत्ता और समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश
उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने वीरवार सायं पीटरहॉफ में वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए जल शक्ति विभाग की स्क्रीनिंग कमेटी की प्रथम बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं और विकासात्मक कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
उप-मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर में चल रही जल आपूर्ति और सिंचाई परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्यों में और अधिक तेजी लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग की योजनाओं का मूल उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना और किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
बैठक में जल आपूर्ति योजनाओं, सिंचाई परियोजनाओं और विभागीय प्रस्तावों पर गहन चर्चा की गई। उप-मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए, ताकि आम जनता को शीघ्र लाभ मिल सके।
उन्होंने अधिकारियों को आगाह किया कि वे केवल कार्यालयों तक सीमित न रहें, बल्कि फील्ड में जाकर कार्यों का नियमित निरीक्षण करें और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।
बैठक का संचालन प्रमुख अभियंता अंजू शर्मा ने किया। बैठक में प्रधान सचिव विधि राजीव बाली, सचिव जल शक्ति राखिल काहलों, विशेष सचिव वित्त विजय वर्धन, अतिरिक्त नियंत्रक स्टोर मनोज कुमार, महाप्रबंधक एचपी सिविल सप्लाई अरविंद शर्मा सहित जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



