Follow Us:

ऑन ड्यूटी शहीद हुए ITBP जवान रमन कुमार, सैन्य सम्मान के साथ गांव में अंतिम विदाई

➤ नडियाना रांगडियां निवासी ITBP जवान रमन कुमार का ड्यूटी के दौरान निधन
➤ पूरे सैन्य सम्मान और गार्ड ऑफ ऑनर के साथ हुआ अंतिम संस्कार
➤ दो मासूम जुड़वा बच्चों के सिर से उठा पिता का साया


हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के गांव नडियाना रांगडियां निवासी ITBP जवान रमन कुमार (34) का ड्यूटी के दौरान निधन हो गया। शनिवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सैन्य और राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। जैसे ही जवान की पार्थिव देह गांव पहुंची, परिजनों की करुण चीत्कार से माहौल गमगीन हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रमन कुमार ITBP की सराहन यूनिट में तैनात थे। 18 दिसंबर को ड्यूटी के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें तुरंत रामपुर अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में स्थिति सामान्य बताई गई, लेकिन कुछ ही समय बाद उनकी हालत अचानक गंभीर हो गई और इलाज के दौरान उन्होंने अस्पताल में दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने मृत्यु का संभावित कारण हृदयघात बताया है।

19 दिसंबर को पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 20 दिसंबर, शनिवार सुबह जवान की पार्थिव देह उनके पैतृक गांव लाई गई। गांव पहुंचते ही शोकाकुल परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। दो छोटे जुड़वा बच्चों को देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। बच्चों की कम उम्र के कारण मुखाग्नि चचेरे भाई द्वारा दी गई।

इस दौरान ITBP के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। देशसेवा में समर्पित रहे रमन कुमार को पूरे सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई।

ग्राम पंचायत बस्सी झनियारा के प्रधान ओमप्रकाश ठाकुर ने जवान के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि रमन कुमार अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। उन्होंने इसे गांव के लिए अपूरणीय क्षति बताया और कहा कि पंचायत शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है।