Follow Us:

नववर्ष से पहले कालका-शिमला का सफर महंगा, जानें

➤ नववर्ष से पहले कालका-शिमला एनएच-5 पर टोल दरों में बढ़ोतरी
➤ सनवारा टोल प्लाजा पर एक साल में तीसरी बार बदले गए शुल्क
➤ टोल में 40 से 255 रुपये तक की वनवे बढ़ोतरी, पर्यटन पर असर की आशंका


परवाणू/शिमला: नववर्ष से पहले राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने कालका-शिमला नेशनल हाईवे-5 पर सफर महंगा कर लोगों को झटका दिया है। शनिवार मध्यरात्रि से सनवारा टोल प्लाजा पर नई दरें लागू कर दी गई हैं। इससे न केवल आम यात्रियों बल्कि पर्यटन कारोबार पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।

हैरानी की बात यह है कि एक ही साल में तीसरी बार सनवारा टोल प्लाजा पर शुल्क में बदलाव किया गया है। एनएचएआई की ओर से आदेश टोल प्लाजा संचालकों को जारी कर मध्यरात्रि से वसूली के निर्देश दिए गए।

एनएचएआई के अनुसार परवाणू से सोलन और सोलन से कैथलीघाट तक का क्षेत्र सनवारा टोल प्लाजा में शामिल किया गया है। इसके तहत 80.722 किलोमीटर के दायरे के लिए संशोधित टोल शुल्क तय किया गया है। नई दरें वाहनों की श्रेणी के अनुसार निर्धारित की गई हैं, जिनमें एकतरफा यात्रा, 24 घंटे में वापसी, 50 यात्राओं का मासिक पास और जिले में पंजीकृत व्यावसायिक वाहनों के लिए अलग-अलग शुल्क शामिल हैं।

अचानक बढ़ी दरों से यात्रियों में नाराजगी देखी जा रही है। पर्यटन सीजन की शुरुआत से पहले टोल बढ़ोतरी से होटल, टैक्सी और ट्रांसपोर्ट कारोबार पर भी असर पड़ सकता है।


ये रहेगा नया टोल शुल्क

कार/जीप/वैन/हल्की मोटर गाड़ी:
एकतरफा ₹110 | 24 घंटे में वापसी ₹165 | मासिक पास ₹3,675 | जिले में पंजीकृत ₹55

हल्के कमर्शियल वाहन/मिनी बस:
एकतरफा ₹180 | वापसी ₹265 | मासिक पास ₹5,935 | जिले में पंजीकृत ₹90

बस और ट्रक (दो एक्सल):
एकतरफा ₹375 | वापसी ₹560 | मासिक पास ₹12,440 | जिले में पंजीकृत ₹185

तीन एक्सल वाहन:
एकतरफा ₹405 | वापसी ₹610 | मासिक पास ₹13,570 | जिले में पंजीकृत ₹205

एचसीएम/ईएमई/एमएवी (4–6 एक्सल):
एकतरफा ₹585 | वापसी ₹880 | मासिक पास ₹19,510 | जिले में पंजीकृत ₹295

ओवर साइज्ड वाहन (7 या अधिक एक्सल):
एकतरफा ₹710 | वापसी ₹1,070 | मासिक पास ₹23,750 | जिले में पंजीकृत ₹355


पहले ये वसूला जाता था शुल्क

➤ कार/जीप/वैन: ₹70 | ₹105
➤ हल्के कमर्शियल वाहन/मिनी बस: ₹115 | ₹170
➤ बस/ट्रक (दो एक्सल): ₹240 | ₹360
➤ तीन एक्सल वाहन: ₹260 | ₹390
➤ 4–6 एक्सल वाहन: ₹375 | ₹565
➤ ओवर साइज्ड वाहन: ₹455 | ₹685