➤ क्रिसमस और न्यू ईयर से पहले हिमाचल की ऊंची चोटियों पर फ्रेश स्नोफॉल
➤ लाहौल स्पीति, रोहतांग और शिंकुला में बर्फ देखने उमड़े पर्यटक
➤ मैदानी इलाकों में घना कोहरा, ठंड ने बढ़ाई लोगों की परेशानी
क्रिसमस और न्यू ईयर से ठीक पहले हिमाचल प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हुई ताजा बर्फबारी ने विंटर टूरिज्म को नई रफ्तार दे दी है। बीते 24 घंटों के दौरान शिंकुला दर्रा, रोहतांग पास, अटल टनल और कोकसर में हिमपात दर्ज किया गया, जिससे पर्वतीय इलाकों में कड़ाके की ठंड लौट आई है।

त्योहारी सीजन के चलते देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक बर्फ देखने कुल्लू-मनाली और लाहौल स्पीति पहुंच रहे हैं। क्रिसमस और न्यू ईयर सेलिब्रेशन के लिए खास तौर पर रोहतांग, शिंकुला दर्रा, अटल टनल और कोकसर पर्यटकों की पहली पसंद बने हुए हैं। मनाली के मॉल रोड और पर्यटन स्थलों पर देर शाम तक रौनक बनी रही।

बर्फबारी के बाद लाहौल स्पीति और किन्नौर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फीली हवाएं चलीं, जिससे न्यूनतम तापमान में तेज गिरावट आई है। कुकुमसेरी का तापमान -5.4 डिग्री और ताबो का 4.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में भी पारा नीचे लुढ़का है।

वहीं क्रिसमस-न्यू ईयर के दौरान मैदानी इलाकों में घना कोहरा लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है। बिलासपुर, ऊना और मंडी में सुबह के समय कोहरे के कारण विजिबिलिटी बेहद कम रही। भाखड़ा बांध क्षेत्र, बल्ह घाटी और सुंदरनगर में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले छह दिन तक प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इस दौरान बारिश या बर्फबारी के आसार नहीं हैं, जिससे क्रिसमस और न्यू ईयर पर टूरिस्ट मूवमेंट और बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।



