Follow Us:

धोखाधड़ी: थाईलैंड नौकरी का सपना दिखाकर युवक को म्यांमार भेजा, बनाया बंधक

➤ थाईलैंड में नौकरी का झांसा देकर युवक को अवैध रूप से म्यांमार भेजा
➤ म्यांमार में बंधक बनाकर कराया गया जबरन काम, 5 लाख की फिरौती मांगी
➤ पीड़ित की शिकायत पर एजेंट के खिलाफ एफआईआर, पुलिस जांच में जुटी


जोगिंद्रनगर उपमंडल के तहत विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी और मानव तस्करी का गंभीर मामला सामने आया है। एक युवक को थाईलैंड में नौकरी का झांसा देकर गैर-कानूनी तरीके से म्यांमार भेज दिया गया, जहां उसे बंधक बनाकर प्रताड़ित किया गया।

पुलिस थाना जोगिंद्रनगर में दर्ज शिकायत के अनुसार प्रिंस ठाकुर (24) निवासी गांव राजा, तहसील जोगिंद्रनगर ने बताया कि वरयाम सिंह, निवासी हरचक्कियां, शाहपुर (जिला कांगड़ा) ने उसके साथ धोखाधड़ी की। आरोपी ने उसे विदेश में अच्छी नौकरी दिलाने का सपना दिखाया और एजेंट के रूप में भरोसा जीत लिया।

आरोप है कि आरोपी ने उसे थाईलैंड भेजने के बजाय अवैध रास्ते से म्यांमार पहुंचा दिया, जहां पहुंचते ही उसे बंधक बना लिया गया। वहां उससे जबरन काम करवाया गया और विरोध करने पर मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया।

पीड़ित ने बताया कि उसे छोड़ने के बदले 5 लाख रुपये की मांग की गई। हालात इतने गंभीर हो गए थे कि उसकी जान को भी खतरा पैदा हो गया था। इसी दौरान म्यांमार में सेना द्वारा चलाए गए एक विशेष ऑपरेशन के तहत उसे सुरक्षित बाहर निकाला गया और भारत वापस भेजा गया।

भारत लौटने के बाद पीड़ित ने आरोपी एजेंट के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि करसोग क्षेत्र से भी ऐसा ही एक मामला सामने आया है। दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर ली गई है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।