Follow Us:

कार्निवल के रंगों में सराबोर हुआ धर्मशाला, भव्य शोभा यात्रा से कांगड़ा कार्निवाल का आगाज

➤ धर्मशाला में उप मुख्यमंत्री ने भव्य शोभा यात्रा के साथ कांगड़ा कार्निवाल का शुभारंभ
➤ सांस्कृतिक दलों, झांकियों और लोकनृत्यों से पूरे क्षेत्र में उत्सव का माहौल
➤ दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन


धर्मशाला में मंगलवार को कांगड़ा कार्निवाल का भव्य शुभारंभ हुआ। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने हनुमान मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भव्य शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर कार्निवाल का औपचारिक आगाज किया। शुभारंभ के साथ ही पूरा क्षेत्र उत्सव, उल्लास और सांस्कृतिक रंगों में सराबोर नजर आया।

शोभा यात्रा में हिमाचल प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आए सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया। पारंपरिक लोकनृत्य, वाद्य यंत्रों की मधुर धुनें, रंग-बिरंगी झांकियां और आकर्षक पारंपरिक वेशभूषा ने दर्शकों का मन मोह लिया। यह शोभा यात्रा हनुमान मंदिर से पुलिस मैदान तक निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने हिमाचल दर्शन गैलरी का भी शुभारंभ किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांगड़ा कार्निवाल न केवल पर्यटन को बढ़ावा देगा, बल्कि प्रदेश की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को भी राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय कलाकारों को मंच प्रदान करते हैं।

गौरतलब है कि 31 दिसंबर तक चलने वाले कांगड़ा कार्निवाल के दौरान प्रतिदिन विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। युवाओं और खेल प्रेमियों के लिए फुटबॉल प्रतियोगिता, मिस एंड मिसेज प्रतियोगिता, स्वास्थ्य और पर्यावरण के प्रति जागरूकता के उद्देश्य से साइकिल राइड तथा कई लाइफस्टाइल इवेंट्स भी आयोजित किए जाएंगे।

कार्निवाल के शुभारंभ अवसर पर साई स्टेडियम धर्मशाला में दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। इस कार्यक्रम में मंडलायुक्त विनोद कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की और बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को मंच प्रदान करना, उनका आत्मविश्वास बढ़ाना और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है।

इन प्रतियोगिताओं में हार्मोनी डे केयर सेंटर दाड़णू के 25 और सूर्या उदय सेंटर खनियारा के 31 दिव्यांग बच्चों ने भाग लिया। बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

शुभारंभ अवसर पर मेयर नीनू शर्मा, उप महापौर तेजिंदर कौर, पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी, उपायुक्त हेम राज बैरवा, आयुक्त नगर निगम जफर इकबाल, अतिरिक्त उपायुक्त विनय कुमार, पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न, एसडीएम मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे।