Follow Us:

कांगड़ा कार्निवाल लोक-संस्कृति का सशक्त मंच: मुकेश अग्निहोत्री

➤ कांगड़ा कार्निवाल लोक-संस्कृति, कला और परंपराओं को सशक्त मंच: मुकेश अग्निहोत्री
➤ पहली सांस्कृतिक संध्या में केरल के बैंड थाइकुडम ब्रिज की शानदार प्रस्तुति
➤ कांगड़ा वैली कार्निवल को मिला सरकारी उत्सव का दर्जा, हर साल 24 से 31 दिसंबर आयोजन


धर्मशाला में चल रहे कांगड़ा कार्निवाल की पहली सांस्कृतिक संध्या संगीत, हास्य और लोक-परंपराओं की सुरीली प्रस्तुतियों से सराबोर रही। कार्यक्रम में केरल के प्रसिद्ध बैंड थाइकुडम ब्रिज ने अपनी दमदार प्रस्तुति से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और उत्सव के माहौल को और जीवंत बना दिया।

कार्यक्रम के दौरान खनियारा क्षेत्र से आए शहनाई वादकों ने पारंपरिक वाद्य यंत्रों के माध्यम से मनोहारी प्रस्तुतियां दीं, जिससे दर्शकों को हिमाचल की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से रूबरू होने का अवसर मिला। विभिन्न बैंड और सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियों ने कार्निवाल की रौनक को और बढ़ाया।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि कांगड़ा कार्निवाल जिला कांगड़ा की लोक-संस्कृति, कला, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत को सशक्त मंच प्रदान करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक उत्सव स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करने के साथ-साथ पर्यटन को नई दिशा देते हैं, जिससे रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित होते हैं।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए निरंतर ऐसे आयोजनों को समर्थन दे रही है। कांगड़ा कार्निवाल आज सामाजिक सौहार्द, सांस्कृतिक एकता और सामूहिक सहभागिता का प्रतीक बन चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि कांगड़ा कार्निवाल 2025 देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आकर्षित करेगा और कांगड़ा घाटी की पहचान को वैश्विक स्तर पर और मजबूत करेगा।

उन्होंने कहा कि यह कांगड़ा जिले के लिए गर्व का विषय है कि कांगड़ा वैली कार्निवल को प्रदेश सरकार द्वारा सरकारी उत्सव का दर्जा दिया गया है। अधिसूचना जारी होने के बाद यह कार्निवाल अब हर वर्ष 24 से 31 दिसंबर तक पुलिस मैदान, धर्मशाला में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि क्रिसमस और नववर्ष के दौरान बड़ी संख्या में पर्यटकों के आगमन को देखते हुए यह तिथि निर्धारण दूरदर्शी निर्णय है, जिससे कांगड़ा घाटी को पर्यटन के रूप में अतिरिक्त बढ़ावा मिलेगा।

इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष व पर्यटन विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष (कैबिनेट रैंक) आर.एस. बाली, हिमाचल प्रदेश वूल फेडरेशन के अध्यक्ष मनोज ठाकुर, एचआरटीसी उपाध्यक्ष अजय वर्मा, एपीएमसी कांगड़ा अध्यक्ष निशु मोंगरा, नगर निगम मेयर नीनू शर्मा, पूर्व महापौर देवेंद्र जग्गी सहित प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य उपस्थित रहे।