Follow Us:

अपरेड गांव में विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को तेज़ी के निर्देश

➤ अपरेड गांव में महिला मंडल व विकास कार्यों का निरीक्षण, अधिकारियों को तेज़ी के निर्देश
➤ मटौर गवर्नमेंट कॉलेज आगामी सत्र में विद्यार्थियों को सौंपे जाने की घोषणा
➤ कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में सड़कों, पेयजल और सीवरेज पर करोड़ों के विकास कार्य


कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अपरेड गांव में चलो गांव की ओर कार्यक्रम के तहत विकास कार्यों का निरीक्षण करने के बाद पूर्व मुख्य संसदीय सचिव चौधरी सुरेंद्र काकू ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने महिला मंडल और ग्रामीणों के साथ संवाद कर क्षेत्रीय विकास पर विचार साझा किए।

पूर्व विधायक ने कहा कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र की जनता विकास कार्यों में दिल खोलकर सहयोग और आशीर्वाद दे रही है। उन्होंने बताया कि 12 करोड़ रुपए की लागत से मटौर गवर्नमेंट कॉलेज और तकिपुर गवर्नमेंट कॉलेज कांग्रेस सरकारों की देन हैं। मटौर कॉलेज को आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों को सौंपा जाएगा, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि गांव कोहाला के लिए 2 करोड़ रुपए की सड़क, मसरैड–कोहाला–मटौर को जोड़ने वाला पुल, कोहाला में 2 करोड़ की पेयजल योजना, नागनी सड़क निर्माण, मटौर–नंदेड़–कोटकवाला–सोहड़ा पेयजल योजना सहित कई विकास कार्य करवाए गए हैं। इसके साथ ही 8 गांवों के लिए 70 करोड़ रुपए की सीवरेज योजना का शिलान्यास मटौर में मुख्यमंत्री से करवाया गया।

पूर्व मुख्य संसदीय सचिव ने बताया कि कांगड़ा में जल शक्ति विभाग का डिवीजन खुलवाया गया है। उन्होंने कहा कि इस डिवीजन की मांग लंबे समय से थी, जिसे अब पूरा किया गया। इससे पहले रानीताल में सब-डिवीजन स्तर का कार्यालय भी खोला गया। जल्द ही मुख्यमंत्री जल शक्ति मंडल का उद्घाटन करेंगे।

इसके अलावा गांव अंसोली और खोली के लिए 2 करोड़ रुपए की पेयजल योजना भी स्वीकृत की गई है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य लगातार चलते रहेंगे और उनकी गति और बढ़ाई जाएगी