➤ 215 किमी से ज्यादा की यात्रा पर प्रति किलोमीटर बढ़ा किराया
➤ AC और नॉन-AC दोनों श्रेणियों में लागू हुई बढ़ोतरी
➤ पहले से बुक टिकट और उपनगरीय ट्रेनों पर कोई असर नहीं
रेल यात्रियों को आज से झटका लगा है। रेलवे मंत्रालय ने ट्रेन टिकट किराए में वृद्धि की अधिसूचना जारी कर दी है, जो 26 दिसंबर 2025 से प्रभावी हो गई है। अब लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को पहले की तुलना में अधिक किराया चुकाना होगा।
रेलवे के अनुसार, 215 किलोमीटर तक की द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी यात्रा पर कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। लेकिन 215 किमी से अधिक दूरी तय करने वाले यात्रियों के लिए किराया बढ़ा दिया गया है। साधारण श्रेणी में प्रति किलोमीटर 1 पैसा, जबकि मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी श्रेणियों और सभी एसी श्रेणियों में प्रति किलोमीटर 2 पैसे की बढ़ोतरी लागू की गई है।
किस श्रेणी में कितना बढ़ा किराया
| यात्रा दूरी | किराया बढ़ोतरी |
|---|---|
| 0 – 215 किमी | कोई बढ़ोतरी नहीं |
| 216 – 750 किमी | ₹5 |
| 751 – 1250 किमी | ₹10 |
| 1251 – 1750 किमी | ₹15 |
| 1751 – 2250 किमी | ₹20 |
रेलवे ने साफ किया है कि स्लीपर क्लास में औसतन 1 पैसा प्रति किमी और एसी क्लास में 2 पैसे प्रति किमी की वृद्धि की गई है।
राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस और नमो भारत रैपिड रेल जैसी विशेष ट्रेनों में भी संबंधित श्रेणी के अनुसार यही नई दरें लागू होंगी।
हालांकि, रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और अन्य शुल्कों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। GST पहले की तरह ही लागू रहेगा।
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट और सभी प्रकार के सीजन टिकट पर कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
इसके अलावा, 26 दिसंबर 2025 से पहले बुक किए गए टिकटों पर यात्रियों से कोई अतिरिक्त किराया नहीं लिया जाएगा।



