Follow Us:

युवती ने पंचायत प्रधान और एएसआई को जड़े थप्पड़, जानें वजह

रास्ता और जमीन विवाद की सुनवाई के दौरान युवती ने पंचायत प्रधान और एएसआई को मारे थप्पड़
घटना से मौके पर अफरातफरी, पुलिस ने युवती के खिलाफ दर्ज की प्राथमिकी
पुलिस अधीक्षक ने निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई का दिया आश्वासन


जमीन और रास्ते के विवाद की सुनवाई के दौरान एक युवती द्वारा पंचायत प्रधान और पुलिस अधिकारी से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी गई है।

जानकारी के अनुसार डूहल बंगवालां पंचायत की महिला प्रधान एक शिकायत की सुनवाई के लिए रेही गांव पहुंची थीं। शिकायतकर्ता प्रेम चंद शर्मा द्वारा रास्ते और जमीन से जुड़ा विवाद पंचायत के समक्ष रखा गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए चिंतपूर्णी पुलिस थाना की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

पंचायत प्रधान और पुलिस टीम दोनों पक्षों को सुनकर मामले को शांतिपूर्वक सुलझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान विवादित पक्ष की एक युवती ने बहस को और तेज कर दिया। आरोप है कि युवती ने पहले अभद्र भाषा का प्रयोग किया और फिर गुस्से में आकर पंचायत प्रधान और मौके पर मौजूद एएसआई को थप्पड़ मार दिए

इस घटना से न केवल मौके पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए, बल्कि पुलिस और पंचायत प्रतिनिधियों के आत्मसम्मान को भी ठेस पहुंची। मामले की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवती के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, दुर्व्यवहार और मारपीट से जुड़ी धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों और निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के साथ किसी भी तरह का दुर्व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की सख्त कार्रवाई की जाएगी।